नई दिल्ली : इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने गुजरात टाइटंस को उसके ही घरेलू मैदान पर हराकर लगातार दूसरा खिताब अपने नाम कर लिया। हालांकि, ट्रॉफी जीतने के बाद सबसे ज्यादा चर्चा विराट कोहली के बल्ले से ज्यादा उनके मजेदार बयान की हो रही है। मैच खत्म होने के बाद विराट ने गुजरात टाइटंस के मशहूर स्लोगन ‘आवा दे’ पर हल्का-फुल्का तंज कसते हुए ऐसा बयान दिया, जिसने सोशल मीडिया पर फैंस को खूब हंसाया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल में आरसीबी ने गुजरात टाइटंस को पांच विकेट से हराकर लगातार दूसरी बार आईपीएल ट्रॉफी जीती। इसके साथ ही बेंगलुरु आईपीएल इतिहास में लगातार दो खिताब जीतने वाली तीसरी टीम भी बन गई।
विराट कोहली के वायरल वीडियो ने जीता फैंस का दिल
फाइनल जीतने के बाद विराट कोहली कॉमेडियन और RCB के लोकप्रिय प्रेजेंटर दानिश सैत यानी मिस्टर नाग्स से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने गुजरात टाइटंस के स्लोगन आवा दे यानी आने दो पर मजाकिया अंदाज में कमेंट किया। विराट ने कहा- ट्रॉफी आवा दे और घर जावा दे, थैंक यू वेरी मच। कोहली का यह मजेदार बयान कुछ ही मिनटों में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। फैंस इसे गुजरात टाइटंस पर एक हल्का-फुल्का तंज मान रहे हैं।
फाइनल मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात टाइटंस की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम के प्रमुख बल्लेबाजसाई सुदर्शन, शुभमन गिल और जोस बटलर सस्ते में पवेलियन लौट गए। एक छोर पर वॉशिंगटन सुंदर ने नाबाद 50 रन बनाकर संघर्ष जरूर किया, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से कोई खास समर्थन नहीं मिला। पूरी टीम बड़ा स्कोर खड़ा करने में नाकाम रही। RCB की ओर से युवा तेज गेंदबाज रासिक सलाम ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 27 रन देकर 3 विकेट झटके। वहीं भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड ने दो-दो विकेट लेकर गुजरात की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी।
दबाव में फिर विराट बने टीम के सबसे बड़े हीरो
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को लक्ष्य का पीछा करते हुए शानदार शुरुआत मिली और टीम ने पहले विकेट के लिए 62 रन जोड़ दिए। हालांकि, इसके बाद कुछ जल्दी विकेट जरूर गिरे, लेकिन विराट कोहली ने एक बार फिर अपनी क्लास और अनुभव का बेहतरीन नमूना पेश किया। विराट अंत तक क्रीज पर डटे रहे और 75 रन बनाकर नाबाद लौटे। उनकी शानदार पारी की बदौलत आरसीबी ने मुकाबला आसानी से अपने नाम कर लिया और लगातार दूसरी बार आईपीएल ट्रॉफी जीतने में सफल रही।


