एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप 2026 में विश्वनाथ सुरेश और सचिन का शानदार प्रदर्शन

0

नई दिल्ली : मंगोलिया के उलानबातर में आयोजित एशियाई मुक्केबाजी चैंपियनशिप 2026 में बुधवार को पुरुषों के 50 किलोग्राम और 60 किलोग्राम भार वर्ग में खेल रहे भारतीय मुक्केबाज विश्वनाथ सुरेश और सचिन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आसान जीत दर्ज की और क्वार्टर-फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। विश्वनाथ सुरेश ने किर्गिस्तान के बेकज़ात एर्गेशोव को 5-0 के यूनैनिमस डिसीजन से हराया और अब सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए उनका सामना कजाकिस्तान के मौजूदा विश्व चैंपियन संझार ताशकेनबे से होगा। वहीं, सचिन ने मंगोलिया के बुयांदलाई बायारखू को 4-1 के स्प्लिट डिसीजन से मात दी और अब क्वार्टर-फाइनल में उनका मुकाबला चीनी ताइपे के चेंग-वेई ली से होगा।

भारत की प्रिया (महिला 60 किलोग्राम), प्रीति पवार (महिला 54 किलोग्राम) और दीपक (पुरुष 70 किलोग्राम) ने भी अपने-अपने पहले दौर के मुकाबले जीते, जबकि जदुमणि सिंह (पुरुष 55 किलोग्राम) टूर्नामेंट में अपना मैच हार गए। ओलंपिक पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन (75 किलोग्राम) और पूर्व विश्व चैंपियन निकहत ज़रीन (51 किलोग्राम) को टूर्नामेंट शुरू होने से पहले अपने-अपने शुरुआती दौर में बाई मिला था।

आदित्य प्रताप सिंह गुरुवार को पुरुषों के 65 किलोग्राम वर्ग में सऊदी अरब के मूसा अलहौसा से भिड़ेंगे। मौजूदा विश्व चैंपियन मीनाक्षी हुडा और जैस्मीन लैंबोरिया और ओलंपियन पूजा रानी भी भारतीय टीम का हिस्सा हैं। ये दोनों बाद में अपना अभियान शुरू करेंगी। भारत ने महाद्वीपीय चैंपियनशिप के लिए 20 सदस्यीय मुक्केबाजी टीम भेजी है। स्वीकृत भार वर्गों में फाइनल में पहुंचने वाले भारतीय मुक्केबाज कॉमनवेल्थ गेम्स और एशियन गेम्स के लिए सीधे क्वालीफाई कर लेंगे।

एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में 21 राष्ट्रीय महासंघों के 194 मुक्केबाज हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें 20 से अधिक ओलंपियन शामिल हैं। ओलंपियन अमित पंघाल, दो बार के राष्ट्रमंडल खेलों के पदक विजेता मोहम्मद हुसामुद्दीन, मौजूदा विश्व कप चैंपियन नीतू घंघास और पूर्व एशियाई चैंपियन परवीन हुड्डा सहित भारतीय मुक्केबाज मंगोलिया में प्रतिस्पर्धा नहीं कर रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here