4 बार की चैंपियन इटली फिर चूकी, वर्ल्ड कप क्वालीफिकेशन में लगातार तीसरी नाकामी

0

नई दिल्ली : इटली राष्ट्रीय फुटबॉल टीम एक बार फिर फीफा वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई करने में नाकाम रही है। चार बार की वर्ल्ड कप चैंपियन इटली 2026 के टूर्नामेंट में नजर नहीं आएगी, क्योंकि प्लेऑफ फाइनल में उसे बोस्निया और हर्ज़ेगोविना राष्ट्रीय फुटबॉल टीम ने पेनल्टी शूटआउट में हरा दिया। इसके साथ ही इटली लगातार तीसरी बार फीफा वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई करने में असफल रही, जो टीम के इतिहास में एक निराशाजनक रिकॉर्ड के रूप में दर्ज हो गया है।

इसी के साथ इटली वर्ल्ड कप की पहली पूर्व चैंपियन बन गई है, जो लगातार तीन बार वर्ल्ड कप में क्वालीफाई करने में फेल हुई हो। इतना ही नहीं बल्कि इटली के फुटबॉल टीम के मौजूदा प्लेयर्स में से कोई भी आज तक फीफा वर्ल्ड कप नहीं खेल पाया है। बता दें कि इटली ने आखिरी बार वर्ल्ड कप 2014 में खेला था।

79वें मिनट में मैच पलटा, बोस्निया ने किया शानदार इक्वालाइजर

इटली के लिए 15वें मिनट पर मोइसे कीन ने गोल दागा था। इसके बाद इटली 78वें मिनट तक 1-0 से आगे चल रही थी। 79वें मिनट पर बोस्निया और हर्जेगोविना के लिए हैरिस तबाकोविक ने इक्वालाइजर गोल दागा। इसके बाद मैच एक्स्ट्रा टाइम में गया। 30 मिनट में भी दोनों टीमों में से किसी ने गोल नहीं किया। इसके बाद मैच पेनल्टी में चला गया। पेनल्टी में बोस्निया और हर्जेगोविना ने 4-1 से इटली को हरा दिया और इटली एक बार फिर वर्ल्ड कप खेलने का सपना तोड़ दिया। बता दें कि इटली के स्टार डिफेंडर एलिसांद्रो बास्टोनी को 42वें मिनट पर रेड कार्ड मिल गया था।

2006 के बाद सूखा, इटली को फिर नहीं मिला वर्ल्ड कप का ताज

इटली चार बार फीफा वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम कर चुकी है। आखिरी बार इटली ने वर्ल्ड कप 20 साल पहले 2006 में जीता था। उसके पहले इटली 1934, 1938 और 1982 में भी फीफा वर्ल्ड कप अपने नाम कर चुकी है। हालांकि, 2006 में विश्व कप जीतने के बाद इटली का प्रदर्शन फीफा वर्ल्ड कप में काफी निराशाजनक रहा है। 2010 और 2014 के टूर्नामेंट में टीम ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गई थी। इसके अलावा, 2018 और 2022 के वर्ल्ड कप के लिए वह क्वालीफाई भी नहीं कर पाई। दूसरी ओर, बोस्निया ने 12 साल बाद फीफा वर्ल्ड कप में वापसी की है। उन्होंने 2014 में अपना पहला विश्व कप खेला था। फीफा वर्ल्ड कप 2026 में उन्हें ग्रुप बी में मेजबान कनाडा, कतर और स्विट्जरलैंड के साथ रखा गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here