बर्मिंघम: WCL को लेकर काफी चर्चा हो रही है। दरअसल, दिग्गज क्रिकेटरों के बीच होने वाली इस लीग में रविवार को भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला होना था। लेकिन सोशल मीडिया पर फैंस के रोष और भारतीय खिलाड़ियों द्वारा बहिष्कार के बाद आयोजकों ने अंतिम समय में मैच को रद्द करने का फैसला किया। इस लीग में सुरेश रैना, शिखर धवन, हरभजन सिंह और युसूफ पठान जैसे दिग्गज भारतीयों के अलावा ब्रेट ली, एबी डिविलियर्स, क्रिस गेल और शाहीद अफरीदी जैसे दुनिया भर के कई पूर्व खिलाड़ी अपने-अपने टीमों का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
युवराज सिंह की अगुआई वाली भारतीय टीम और पाकिस्तान के बीच डब्ल्यूसीएल का यह मुकाबला बर्मिंघम के एजबेस्टन में खेला जाना था। यह मैच भारतीय समयानुसार रात नौ बजे शुरू होना था, लेकिन अंतिम समय में इसे रद्द करने का फैसला किया गया। दरअसल, पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत आतंकी ठिकानों पर सैन्य कार्रवाई की थी जिसके बाद भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ गया था। इस मैच को लेकर जहां सोशल मीडिया पर फैंस अपना रोष जता रहे थे, वहीं शिखर धवन और हरभजन सिंह जैसे खिलाड़ियों ने मैच रद्द होने से पहले ही इस मुकाबले में नहीं खेलने का फैसला लिया था।
डब्ल्यूसीएल का यह दूसरा सीजन है जिसकी शुरुआत 18 जुलाई को हुई थी और इसका फाइनल मुकाबला दो अगस्त को खेला जाएगा। इंडिया चैंपियंस की कप्तानी युवराज सिंह कर रहे हैं और टीम में हरभजन सिंह, इरफान पठान, सुरेश रैना, रॉबिन उथप्पा और वरुण आरोन जैसे दिग्गज खिलाड़ी शामिल हैं। इस लीग में छह टीमें हिस्सा ले रही हैं जिनमें इंडिया चैंपियंस के अलावा ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस, इंग्लैंड चैंपियंस, पाकिस्तान चैंपियंस, दक्षिण अफ्रीका चैंपियंस और वेस्टइंडीज चैंपियंस की टीम शामिल हैं।
युवराज सिंह जहां भारतीय टीम की कमान संभाल रहे हैं और उनकी अगुआई में टीम खिताब का बचाव करने उतरी है। युवराज के अलावा अन्य दिग्गज अपनी-अपनी टीम की कमान संभाल रहे हैं। इस लीग में ग्रुप चरण के कुल 15 मैच खेले जाएंगे जिसके बाद 31 जुलाई को बर्मिंघम में दो सेमीफाइनल और दो अगस्त को इसी मैदान पर खिताबी मुकाबला खेला जाएगा।
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज ब्रेट ली इस टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस की कमान संभाल रहे हैं। टीम में उनके अलावा शॉन मार्श, क्रिस लिन, डेनियल क्रिस्टियन और नाथन कोल्टर नाइल जैसे खिलाड़ी भी शामिल हैं।
इंग्लैंड चैंपियंस की टीम इयोन मोर्गन की अगुआई में खेलने उतरी है। मोर्गन लंबे समय तक इंग्लैंड की राष्ट्रीय टीम का हिस्सा रहे हैं और उनके पास कप्तानी का काफी अनुभव है। इंग्लैंड की इस टीम में एलिस्टियर कुक, मोईन अली, रवि बोपारा और लियाम प्लंकेट जैसे खिलाड़ी भी शामिल हैं। इंग्लैंड का इस लीग में दूसरा मुकाबला ऑस्ट्रेलिया से था दो बारिश के कारण बेनतीजा रहा था।
पाकिस्तान के कप्तान शाहीद अफरीदी हैं और इस टीम में मिस्बाह उल हक, यूनिस खान, शोएब मलिक, सरफराज अहमद और कामरान अकमल जैसे खिलाड़ी भी शामिल हैं। पाकिस्तान ने पहले मैच में इंग्लैंड चैंपियंस को पांच रन से हराया था। दक्षिण अफ्रीका चैंपियंस टीम की कमान एबी डिविलियर्स संभाल रहे हैं। इस टीम में हाशिम अमला, एल्बी मोर्केल और इमरान ताहिर जैसे खिलाड़ी शामिल हैं। दक्षिण अफ्रीका का टूर्नामेंट में दूसरा मुकाबला इंडिया चैंपियंस के साथ 22 जुलाई को होगा।
इस लीग में यूनिवर्स बॉस के नाम से मशहूर विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस गेल वेस्टइंडीज चैंपियंस टीम की कप्तानी कर रहे हैं। इस टीम में शिवनारायण चंद्रपॉल, कीरोन पोलार्ड, ड्वेन ब्रावो और ड्वेन स्मिथ जैसे धाकड़ खिलाड़ी भी मौजूद हैं। वेस्टइंडीज का पहला मुकाबला दक्षिण अफ्रीका से था जो टाई रहा था।


