WCL 2026: गेल रहे बेअसर, सिमंस ने संभाला मोर्चा; वेस्टइंडीज की इंग्लैंड पर शानदार जीत

0

नई दिल्ली : वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स (WCL) 2026 के 8वें मुकाबले में वेस्टइंडीज चैंपियंस ने सीजन की अपनी पहली जीत दर्ज की। वेस्टइंडीज ने पहले दोनों मुकाबले जीतने वाली इंग्लैंड चैंपियंस को 7 विकेट से हराकर उसका विजय अभियान रोक दिया। इस मुकाबले में वेस्टइंडीज के कप्तान क्रिस गेल का बल्ला नहीं चला, लेकिन उनके सलामी जोड़ीदार लेंडल सिमंस ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 33 गेंदों पर नाबाद 55 रन की पारी खेली। सिमंस की इस तूफानी पारी की बदौलत वेस्टइंडीज चैंपियंस ने मुकाबला अपने नाम कर सीजन में जीत का खाता खोल लिया।

इस मुकाबले में पहले खेलते हुए इंग्लैंड चैंपियंस की टीम 19.1 ओवर में 154 रन ही बना पाई थी और उसके सभी 10 विकेट गिर गए थे। कैरेबियाई टीम के लिए फिडेल एडवर्ड्स, ड्वेन ब्रावो और रेमन रीफर ने 2-2 विकेट झटके थे। वहीं रयाड अमृत, सुलेमान बेन और कार्लोस ब्रेथवेट को 1-1 सफलता मिली थी। इंग्लैंड चैंपियंस के लिए बल्लेबाजी में ओपनर और कप्तान रवि बोपारा पहले दो मैचों में कमाल के बाद यहां खाता भी नहीं खोल पाए। इसके बाद डेविड मलान 29 और जेसन रॉय ने 27 रन की पारियां खेलीं। मोईन अली 41 रन बनाकर टीम के टॉप स्कोरर रहे। अंत में लियाम प्लंकेट ने भी 20 रन का योगदान दिया।

सिमंस ने मचाया धमाल, 33 गेंदों में ठोका नाबाद अर्धशतक

155 रन का लक्ष्य चेज करने उतरी वेस्टइंडीज चैंपियंस की भी शुरुआत अच्छी नहीं थी। क्रिस गेल 4 रन बनाकर साइडबॉटम का शिकार बने। इसके बाद सिमंस और चैडविक वॉलटन ने पारी को संभाला और 86 रन की साझेदारी दूसरे विकेट के लिए की। फिर जर्मेन ब्लैकवुड (4) का विकेट जल्दी गिरा लेकिन रेमन रीफर ने 22 गेंद पर 35 रन बनाते हुए टीम को जीत तक पहुंचाया। लेंड्ल सिमंस 33 गेंद पर 55 रन बनाकर नाबाद रहे। अपनी पारी में उन्होंने 5 चौके और 2 छक्के लगाए।

इस जीत के साथ वेस्टइंडीज चैंपियंस ने मौजूदा टूर्नामेंट में अपना खाता खोल लिया है। टीम ने अब तक 2 मुकाबले खेले हैं, जिसमें उसे 1 जीत और 1 हार मिली है। पाकिस्तान के टूर्नामेंट से बाहर होने के बाद अब WCL 2026 में 6 टीमें ही बची हैं। अंकतालिका में वेस्टइंडीज चैंपियंस 5वें स्थान पर है, जबकि बांग्लादेश चैंपियंस 6वें पायदान पर है। इंडिया चैंपियंस तीसरे और ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस चौथे स्थान पर मौजूद हैं। वहीं, इस हार के बावजूद इंग्लैंड चैंपियंस की टीम अंकतालिका में शीर्ष पर बनी हुई है, जबकि साउथ अफ्रीका चैंपियंस दूसरे स्थान पर है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here