नई दिल्ली : वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स (WCL) 2026 में इंडिया चैंपियंस ने युवराज सिंह की कप्तानी में जीत के साथ शुरुआत की थी। पहले मुकाबले में भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस को मात देते हुए आगाज किया था। उसके बाद टीम जीत की पटरी से उतर गई और लगातार तीन मैचों में उसे हार का सामना करना पड़ा। चौथे मैच में इंडिया चैंपियंस को बांग्लादेश के खिलाफ भी हार झेलनी पड़ी, अब उसकी सेमीफाइनल की राह भी मुश्किल हो गई है।
इंडिया चैंपियंस को पिछले तीन मैचों में लगातार हार का सामना करना पड़ा है। ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस को हराने के बाद टीम इंग्लैंड चैंपियंस, साउथ अफ्रीका चैंपियंस और फिर बांग्लादेश चैंपियंस से हार गई। पाकिस्तान चैंपियंस के बाहर होने के बाद छह टीमों वाले इस टूर्नामेंट की अंकतालिका में 13 मैचों के बाद भारतीय टीम पांचवें स्थान पर है। जबकि साउथ अफ्रीका की टीम टॉप पर काबिज है।
लीग स्टेज में इंडिया चैंपियंस की टीम अपना आखिरी मुकाबला 13 अक्टूबर को वेस्टइंडीज चैंपियंस के खिलाफ खेलेगी। अब यहां से भारतीय टीम के लिए खुद की जीत के साथ-साथ और टीमों के नतीजों पर भी परिणाम निर्भर हैं। हालांकि, इंडिया चैंपियंस पांचवें स्थान पर है जरूर लेकिन उसका नेट रनरेट तीसरे स्थान पर मौजूद ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस और पांचवें स्थान पर मौजूद वेस्टइंडीज चैंपियंस से अच्छा है।
इंडिया चैंपियंस अपने आखिरी लीग मैच में अगर वेस्टइंडीज चैंपियंस को हरा देती है तो सीधे नंबर 4 पर अंकतालिका में आ जाएगी और उसको सेमीफाइनल का टिकट भी मिल सकता है। वहीं अगर ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस को आखिरी लीग मैच में इंग्लैंड चैंपियंस ने मात दी तो भारतीय टीम नंबर 3 पर भी पहुंच सकती है। ऐसे में ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज में से कोई एक ही सेमीफाइनल में पहुंच पाएगा।
वहीं अगर टीम इंडिया वेस्टइंडीज से हारी तो सेमीफाइनल की रेस से बाहर भी हो जाएगी। यानी 13 अक्टूबर को भारत-वेस्टइंडीज मै और फिर 14 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस और इंग्लैंड चैंपियंस का मैच ही सेमीफाइनल की तस्वीर साफ करेंगे। फिलहाल साउथ अफ्रीका चैंपियंस 6 अंकों के साथ एकमात्र सुरक्षित टीम नजर आ रही है। उसने तीन में से तीनों मुकाबले जीते हैं और 6 अंक लेकर टॉप पर है। साउथ अफ्रीका के दो मैच इंग्लैंड और बांग्लादेश के साथ होने हैं।
वहीं इंग्लैंड चैंपियंस अगर दोनों बचे हुए मैच साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया से हारती है तो उसकी जगह पर भी खतरा मंडरा रहा है। आपको बता दें लीग स्टेज के बाद अंकतालिका में टॉप 4 की टीमें सेमीफाइनल में जाएंगी। सेमीफाइनल मैचों में नंबर 1 और नंबर 4 की टीमें भिड़ेंगी। वहीं नंबर 2 और नंबर 3 की टीम का मुकाबला होगा। इस टूर्नामेंट का फाइनल मैच 18 अक्टूबर 2026 को खेला जाएग।


