16, 18 और 20 अक्टूबर को भारत-जिम्बाब्वे के बीच खेले जाएंगे तीन टी-20 मुकाबले
रायपुर। भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच आगामी टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों को लेकर रायपुर में क्रिकेट का रोमांच बढ़ने लगा है। जिम्बाब्वे की महिला टीम रायपुर पहुंच चुकी है। वहीं, भारतीय महिला टीम ने आज शाम 6 बजे से अभ्यास सत्र शुरू कर आगामी मुकाबलों की तैयारियों को गति दी।
भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमों के बीच 16, 18 और 20 अक्टूबर को तीन टी-20 मुकाबले खेले जाएंगे। इन मैचों को लेकर भारतीय टीम ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। अभ्यास सत्र में भारतीय टीम के सभी खिलाड़ी मौजूद रहे।
अभ्यास के दौरान भारतीय टीम की प्रमुख बल्लेबाज स्मृति मंधाना, कप्तान हरमनप्रीत कौर और शेफाली वर्मा ने बल्लेबाजी का अभ्यास किया। तीनों खिलाड़ियों ने आगामी मुकाबलों के लिए अपनी तैयारियों को परखा।
रायपुर में होने वाली इस टी-20 श्रृंखला को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह का माहौल है। अब सभी की निगाहें आगामी मुकाबलों पर टिकी हैं, जहां भारतीय महिला टीम घरेलू परिस्थितियों का लाभ उठाते हुए बेहतर प्रदर्शन करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।


