नई दिल्ली : वेस्टइंडीज ने श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज अपने नाम कर ली। सीरीज का दूसरा और आखिरी टेस्ट ड्रॉ पर खत्म हुआ, जिसके बाद कैरेबियाई टीम ने 23 साल बाद श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज जीतने का ऐतिहासिक कारनामा किया। इसके अलावा वेस्टइंडीज को किसी भी टीम के खिलाफ टेस्ट सीरीज जीतने में तीन साल और पांच महीने का लंबा इंतजार करना पड़ा, जो अब खत्म हो गया है। वेस्टइंडीज की इससे पहले टेस्ट सीरीज फरवरी 2023 में आई थी। तब उसने जिम्बाब्वे के खिलाफ दो टेस्ट मैच की सीरीज 1-0 से अपने नाम की थी। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के बीच तेज गेंदबाज केमार रोच ने अपने टेस्ट करियर का 300वां विकेट लेकर एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम की।
फरवरी 2023 के बाद से वेस्टइंडीज की यह 11वीं द्विपक्षीय टेस्ट सीरीज है। इस बीच उसने साउथ अफ्रीका, भारत, इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया, पाकिस्तान, बांग्लादेश और न्यूजीलैंड से टेस्ट सीरीज खेलीं। इसमें वह सिर्फ बांग्लादेश और पाकिस्तान के खिलाफ ही टेस्ट सीरीज ड्रॉ करा पाया। इस दौरान वेस्टइंडीज ने साउथ अफ्रीका, भारत, ऑस्ट्रेलिया से दो-दो टेस्ट सीरीज खेलीं। साउथ अफ्रीका और भारत ने उसके खिलाफ दोनों टेस्ट सीरीज जीतीं। ऑस्ट्रेलिया ने एक टेस्ट सीरीज जीती और एक ड्रॉ कराई। इंग्लैंड, न्यूजीलैंड के खिलाफ भी उसने टेस्ट सीरीज गंवाईं।
केमार रोच टेस्ट क्रिकेट में 300 या उससे ज्यादा विकेट लेने वाले वेस्टइंडीज के पांचवें गेंदबाज हैं। उनसे पहले कर्टनी वाल्श (519 टेस्ट विकेट), कर्टली एम्ब्रोस (405 टेस्ट विकेट), मैल्कम मार्शल (376 टेस्ट विकेट) और लांस गिब्स (309 टेस्ट विकेट) यह उपलब्धि अपने नाम कर चुके हैं। वेस्टइंडीज बनाम श्रीलंका दूसरे टेस्ट की बात करें तो एंटिगा के नॉर्थ साउंड में सर विवियन रिचर्ड्स स्टेडियम में खेला गया यह मैच ड्रॉ रहा। श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। श्रीलंका ने पहली पारी 139.3 ओवर में 549/9 पर पारी घोषित की। वेस्टइंडीज की पहली पारी 165.5 ओवर में 499 रन पर समाप्त हुई।
श्रीलंका ने अपनी दूसरी पारी में 49 ओवर में नौ विकेट पर 251 रन पर घोषित की। इस तरह वेस्टइंडीज को 302 रन का लक्ष्य मिला। वेस्टइंडीज ने दूसरी पारी में 40 ओवर में बिना विकेट खोए 109 रन बना लिए थे। जॉन कैंपबेल और ब्रैंडन किंग दोनों 51-51 रन बनाकर नाबाद थे।
मैच का नतीजा निकलता नहीं देख दोनों टीमों के कप्तानों ने आपसी सहमति से मुकाबले को ड्रॉ पर खत्म करने का फैसला किया। इस तरह पांच दिनों के खेल में 1408 रन बने और 28 विकेट गिरे। बारिश के कारण कुछ रुकावटें आने के बावजूद मुकाबले का अंत उसी नतीजे के साथ हुआ जिसकी पहले से संभावना जताई जा रही थी। यह 2026 का पहला टेस्ट मैच भी रहा जो ड्रॉ पर समाप्त हुआ। इस ड्रॉ के साथ वेस्टइंडीज ने 11 प्रयासों के बाद पहली बार टेस्ट सीरीज जीतने में सफलता हासिल की। वहीं, घरेलू टेस्ट सीरीज जीत के लिए टीम को जून 2022 तक पीछे जाना पड़ा, जब उसने आखिरी बार अपनी धरती पर सीरीज अपने नाम की थी।


