नई दिल्ली : अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने टी20 इंटरनेशनल बल्लेबाजों की ताजा रैंकिंग जारी कर दी है। नई रैंकिंग में इशान किशन और अभिषेक शर्मा का शानदार प्रदर्शन जारी है। वहीं भारतीय टी20 टीम से बाहर चल रहे सूर्यकुमार यादव को रैंकिंग में बड़ा झटका लगा है और वह टॉप-10 से बाहर हो गए हैं। दूसरी ओर, इंग्लैंड के बल्लेबाज जैकब बेथेल ने 7 स्थान की लंबी छलांग लगाते हुए टॉप-10 में जगह बना ली है। ताजा रैंकिंग में शीर्ष-10 बल्लेबाजों की सूची में अब भारत के तीन खिलाड़ी शामिल हैं।
ICC T20I रैंकिंग में इशान किशन की बादशाहत जारी
इस रैंकिंग में इशान किशन पहले स्थान पर मौजूद हैं जिनके 897 रेटिंग अंक हैं जबकि अभिषेक शर्मा दूसरे स्थान पर मौजूद हैं जिनके 881 रेटिंग अंक हैं। तिलक वर्मा पहले की तरह से ही छठे स्थान पर बने हुए हैं और उनके 721 रेटिंग अंक हैं। भारत के पूर्व टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव को 5 स्थान का नुकसान हुआ और वो अब 13वें स्थान पर आ गए और उनके अब 687 रेटिंग अंक हैं। वहीं भारत के खिलाफ दूसरे टी20 में नाबाद 76 रन की पारी खेलने वाले जैकब बेथेल 7 स्थान का छलांग लगाते हुए 8वें नंबर पर आ गए।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) की ताजा वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में ज्यादा बदलाव देखने को नहीं मिले हैं। वनडे रैंकिंग में डेरिल मिचेल पहले स्थान पर अपनी जगह बनाए हुए हैं। वहीं शुभमन गिल दूसरे, विराट कोहली तीसरे और रोहित शर्मा चौथे स्थान पर कायम हैं। वनडे बल्लेबाजों की टॉप-10 सूची में भारत के चार खिलाड़ियों ने अपनी जगह बनाई हुई है। वहीं टेस्ट बल्लेबाजी रैंकिंग में शुभमन गिल को एक स्थान का नुकसान हुआ है और वह छठे से खिसककर सातवें नंबर पर पहुंच गए हैं, जबकि यशस्वी जायसवाल नौवें स्थान पर बने हुए हैं।


