WFI की सख्ती, विनेश फोगाट को झटका, टूर्नामेंट में हिस्सा लेने पर रोक

0

नई दिल्ली : भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) ने विनेश फोगाट पर अनुशासनहीनता और डोपिंग रोधी नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए शनिवार (9 मई) को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इसके साथ ही यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग (UWW) के डोपिंग रोधी नियमों के तहत संन्यास से वापसी के लिए छह महीने का अनिवार्य नोटिस न देने के कारण उन्हें 26 जून 2026 तक घरेलू टूर्नामेंटों में भाग लेने से रोक दिया गया है।

यह प्रतिबंध ऐसे समय में लगाया गया है जब 10 से 12 मई तक गोंडा में राष्ट्रीय ओपन रैंकिंग टूर्नामेंट का आयोजन होना है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पंद्रह पन्ने के नोटिस में डब्ल्यूएफआई ने आरोप लगाया कि विनेश के आचरण से देश को शर्मिंदगी झेलनी पड़ी है, भारतीय कुश्ती की छवि खराब हुई है, डब्ल्यूएफआई संविधान के प्रावधानों, यूडब्ल्यूडब्ल्यू अंतरराष्ट्रीय कुश्ती के नियमों और डोपिंग रोधी नियमों का उल्लंघन हुआ है।

महासंघ ने विनेश फोगाट से चार गंभीर आरोपों पर मांगा जवाब

महासंघ ने विनेश से चार प्रमुख आरोपों पर सफाई मांगी है जिसमें 2024 पेरिस ओलंपिक से अयोग्य करार दिये जाने, डोपिंग रोधी नियमों के तहत ठौर ठिकाना बताने में कथित तौर पर नाकाम रहने और आईओए द्वारा नियुक्त तत्कालीन तदर्थ समिति द्वारा मार्च 2024 में कराये गए ट्रायल में दो भार वर्गों में भाग लेना शामिल है।

गोंडा टूर्नामेंट में विनेश फोगाट की एंट्री पर रोक

महासंघ ने स्पष्ट किया है कि विनेश फोगाट इस वर्ष 26 जून तक किसी भी घरेलू टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं ले सकतीं, जिसमें 10 से 12 मई तक गोंडा में आयोजित होने वाला राष्ट्रीय ओपन रैंकिंग टूर्नामेंट भी शामिल है। नोटिस में आगे कहा गया है, “महासंघ को इस बात से संतुष्ट होना होगा कि आपने डोपिंग रोधी नियमों का कोई ऐसा उल्लंघन नहीं किया है, जिसके चलते आप भविष्य में किसी भी प्रतियोगिता में महासंघ का प्रतिनिधित्व करने के अयोग्य न हो जाएं।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here