कौन हैं स्टार बल्लेबाज युवराज सामरा? विश्व कप में रचा कीर्तिमान, युवराज सिंह से है कनेक्शन

0

नई दिल्ली : कनाडा के 19 वर्षीय बल्लेबाज युवराज सिंह सामरा ने आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 में न्यूजीलैंड के खिलाफ मुकाबले में इतिहास रच दिया। ग्रुप डी के इस मैच में उन्होंने शानदार शतकीय पारी खेलते हुए अपनी टीम के लिए मजबूत स्कोर खड़ा किया। 29 सितंबर 2006 को जन्मे युवराज सामरा टी20 विश्व कप के इतिहास में शतक लगाने वाले सबसे कम उम्र के बल्लेबाज बन गए। उनकी इस उपलब्धि ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में खास पहचान दिला दी है।

टी20 विश्व कप में कनाडा के पहले शतकवीर बने युवराज सामरा

युवराज सिंह सामरा टी20 विश्व कप में कनाडा के लिए शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज हैं। यही नहीं, युवराज टी20 विश्व कप में एसोसिएट टीमों के लिए सबसे ज्यादा व्यक्तिगत स्कोर करने वाले बल्लेबाज भी बने। युवराज सिंह सामरा का यह टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में पहला शतक भी है। युवराज सिंह सामरा 11 चौके और छह छक्के की मदद से 65 गेंद में 110 रन बनाकर आउट हुए। युवराज सिंह सामरा के 6 छक्के, टी20 विश्व कप की एक पारी में किसी एसोसिएट देश के बल्लेबाज द्वारा किसी फुल-मेंबर टीम के खिलाफ लगाए गए संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा छक्के हैं।

छह छक्के लगाकर रचा इतिहास

युवराज सामरा से पहले स्कॉटलैंड के ब्रैंडन मैकमुलेन ने 2024 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ और इटली के बेन मैनेंटी ने 16 फरवरी 2026 को इंग्लैंड के खिलाफ मैच में 6-6 छक्के लगाए थे। युवराज सामरा का भारत के पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह से भी स्पेशल कनेक्शन है।

फिल्मी स्क्रिप्ट जैसी युवराज की कहानी

युवराज सिंह सामरा की कहानी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं है। उनके पिता बलजीत सामरा युवराज सिंह के इतने बड़े प्रशंसक थे कि उन्होंने बेटे का नाम ही उन पर रख दिया। हालांकि, मजेदार बात यह है कि वही पिता कभी-कभी बेटे को घर पर सुलाकर चुपचाप क्रिकेट खेलने निकल जाते थे और बेटा पीछे-पीछे पहुंच जाता था।

T20 विश्व कप में एसोसिएट टीमों के लिए सबसे ज्यादा व्यक्तिगत स्कोर
रन खिलाड़ी देश किसके खिलाफ कब और कहां
110 युवराज सामरा कनाडा न्यूजीलैंड चेन्नई, साल 2026
नाबाद 94 एरोन जोंस अमेरिका कनाडा ग्रैंड प्रेयरी, साल 2024
86 माइकल जोंस स्कॉटलैंड आयरलैड होबार्ट, साल 2022
84 जॉर्ज मुनसे स्कॉटलैंड इटली कोलकाता, साल 2026
नाबाद 80 एंड्रीज गौस अमेरिका साउथ अफ्रीका नॉर्थ साउंड, साल 2024

युवराज सिंह सामरा लंबे कद के बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं, जिन्हें गेंद को पूरी ताकत से खेलने के लिए जाना जाता है। उनकी बल्लेबाजी शैली आक्रामक है और वह बड़े शॉट लगाने में माहिर माने जाते हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार युवराज सिंह सामरा ने कहा था, “जब गेंद बिल्कुल मिडिल में लगती है तो जो आवाज आती है, खासकर स्टेडियम में उसकी गूंज… वह एहसास कमाल का होता है। मैं वह आवाज पूरे दिन सुन सकता हूं।”

15 गेंद में जड़ चुके हैं तूफानी अर्धशतक

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, युवराज सिंह सामरा अब तक कनाडा के लिए आठ वनडे और 19 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं। उनकी खास उपलब्धियों में बहामास के खिलाफ मात्र 15 गेंदों में लगाया गया अर्धशतक भी शामिल है, जो कनाडा का राष्ट्रीय रिकॉर्ड है। उनकी यह उपलब्धि अपने नामधारी भारतीय दिग्गज युवराज सिंह की याद दिलाती है, जिन्होंने पहले टी20 विश्व कप में 12 गेंदों पर अर्धशतक जड़कर इतिहास रचा था। युवराज सामरा ने अपने बचपन को याद करते हुए बताया था, “मैं बहुत छोटा था और मां के साथ सोता था। पापा सुबह उठते तो मैं पूछता— कहां जा रहे हो? मैं भी चलूंगा! फिर वह मुझे अपने साथ ले जाते। जब तक उनकी टीम बल्लेबाजी करती, मैं वहीं रहता, लेकिन जैसे ही गेंदबाजी का नंबर आता, मैं वहां से निकल जाता।”

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, युवराज सामरा की युवराज सिंह से दो बार मुलाकात हो चुकी है। पहली बार दोनों 2019 में मिले थे। तब युवराज सामरा टोरंटो नेशनल्स के लिए खेलते थे। इसके बाद साल 2025 में सुपर 60 टूर्नामेंट के दौरान युवराज सामरा और युवराज सिंह की मुलाकात हुई। युवराज सिंह सामरा के मुताबिक, ‘पापा ने उन्हें मेरे नाम के बारे में बताया तो वह हंसने लगे और बोले- ओहे अच्छा है।’ पिता बलजीत चाहते हैं कि बेटा अपने आदर्श की तरह खेले, लेकिन युवराज सामरा का साफ कहते हैं, ‘मैं अपनी खुद की पहचान बनाना चाहता हूं।’

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, हालांकि युवराज सिंह सामरा अपनी सीमाओं को अच्छी तरह समझते हैं। उनका कहना है, “मैं एबी डिविलियर्स जैसा नहीं हूं कि मैदान के हर कोने में शॉट लगा सकूं, लेकिन मेरे पास अपने खास शॉट्स हैं। मैं स्ट्रेट शॉट खेलने में काफी मजबूत हूं।” युवराज के पिता का सपना है कि उनका बेटा इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में मुंबई इंडियंस के लिए खेले। इस पर युवराज मुस्कुराते हुए कहते हैं, “कौन आईपीएल नहीं खेलना चाहता? सीपीएल? मेजर लीग?” 13 फरवरी को उन्होंने दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में यूएई के खिलाफ मुकाबला खेला। इस मैच के दौरान उनके कजिंस भी स्टेडियम में मौजूद थे। लगभग दो साल बाद युवराज की अपने कजिंस से मुलाकात हुई, जिसने इस खास मैच को उनके लिए और भी यादगार बना दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here