नई दिल्ली : आईपीएल 2026 में अब तक 51 मुकाबले खेले जा चुके हैं, जबकि लीग चरण में कुल 70 मैच होने हैं। शुरुआती 10 मैचों में ही राजस्थान रॉयल्स के विस्फोटक ओपनर और महज 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने 37 छक्के जड़ दिए हैं। वह अब आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बनने के बेहद करीब पहुंच गए हैं। सीजन का 52वां मुकाबला राजस्थान और गुजरात के बीच खेला जाएगा, जहां वैभव के पास एक साथ सूर्यकुमार यादव, विराट कोहली और श्रेयस अय्यर जैसे बड़े खिलाड़ियों के रिकॉर्ड पीछे छोड़ने का शानदार मौका होगा।
अगर मौजूदा रिकॉर्ड की बात करें तो आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज अभिषेक शर्मा हैं। उन्होंने 2024 सीजन में 42 छक्के लगाकर यह खास उपलब्धि हासिल की थी। अब उनका यह रिकॉर्ड टूटने के करीब नजर आ रहा है, क्योंकि वैभव सूर्यवंशी इस समय शानदार फॉर्म में हैं। वैभव को यह रिकॉर्ड अपने नाम करने के लिए सिर्फ छह और छक्कों की जरूरत है। राजस्थान रॉयल्स के अभी कम से कम चार लीग मुकाबले बाकी हैं और अगर टीम प्लेऑफ में पहुंचती है तो वैभव के पास इस रिकॉर्ड को और आगे ले जाने के कई मौके मिल सकते हैं।
IPL के एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय
अभिषेक शर्मा: 42 छक्के, 2024
श्रेयस अय्यर: 39 छक्के, 2025
विराट कोहली: 38 छक्के, 2024
सूर्यकुमार यादव: 38 छक्के, 2025
ऋषभ पंत: 37 छक्के, 2018
वैभव सूर्यवंशी: 37 छक्के, 2026* (51 मैचों तक)
इशान किशन: 30 छक्के, 2020
केएल राहुल: 30 छक्के, 2021
वैभव सूर्यवंशी गुजरात टाइटंस के खिलाफ मुकाबले में बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं। अगर वह इस मैच में दो छक्के लगाते हैं तो सूर्यकुमार यादव और विराट कोहली के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ देंगे। वहीं तीन छक्के लगाते ही वह श्रेयस अय्यर को भी पछाड़ देंगे। इसके अलावा यदि वैभव छह छक्के लगाने में सफल रहते हैं, तो वह आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन जाएंगे। वहीं ओवरऑल रिकॉर्ड की बात करें तो यह उपलब्धि अब भी क्रिस गेल के नाम है, जिन्होंने एक सीजन में 59 छक्के लगाए थे।
IPL के एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज
59 : क्रिस गेल (2012)
52 : आंद्रे रसेल (2019)
51 : क्रिस गेल (2013)
45 : जोस बटलर (2022)
44 : क्रिस गेल (2011)


