प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरे विश्व ने योग को अपनाया- मंत्री सारंग
भोपाल। सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने शनिवार को 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला विदिशा स्थित पुलिस लाइन में आयोजित ‘योग संगम’ जिला स्तरीय सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए सामूहिक योगाभ्यास किया। मंत्री श्री सारंग ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअली उद्बोधन को भी सुना। मंत्री श्री सारंग ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने योग को विश्वव्यापी पहचान दिलाई है। आज विश्व के कोने-कोने में योग अपनाया जा रहा है। उन्होंने आगे कहा कि यह हमारे लिए गर्व का विषय है कि योग अब केवल भारत की परंपरा नहीं, बल्कि वैश्विक आंदोलन बन चुका है। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, जिले के अधिकारियों, विद्यार्थी वर्ग, महिला समूहों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। योग प्रशिक्षकों द्वारा सूर्य नमस्कार, प्राणायाम एवं विभिन्न योगासन सिखाए गए।
योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर
मंत्री सारंग ने अपने उद्बोधन में कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो स्वस्थ जीवनशैली का मार्ग प्रशस्त करती है। पूरी दुनिया में योग आज करोड़ों लोगों की जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा बन चुका है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास शरीर, मन और विचारों को विकारों से मुक्त बनाता है और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है। एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य’ के मंत्र को आत्मसात करते हुए योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाएं।


