डब्ल्यूटीसी 2025-27: भारत को फाइनल का टिकट दिला सकती हैं बाकी 6 टेस्ट में जीत?

0

नई दिल्ली : भारतीय टीम विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 की मौजूदा अंकतालिका में चौथे स्थान पर है। भारत के मौजूदा संस्करण में अब 6 मुकाबले बाकी हैं। डिफेंडिंग चैंपियन साउथ अफ्रीका नंबर 1, ऑस्ट्रेलिया नंबर 2 और न्यूजीलैंड की टीम नंबर 3 पर काबिज है। न्यूजीलैंड दौरे पर टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले से पूर्व भारत को फाइनल की रेस में बने रहने के लिए सात में से 6 मैच जीतने थे, लेकिन वेलिंगटन टेस्ट ड्रॉ होने से भारत की उम्मीदों को अब झटका लग चुका है।

भारत का पर्सेंटाइल अब 51.52 से 50.00 तक घट चुका है। भारत के छह टेस्ट मैच मौजूदा संस्करण में बाकी हैं। अगर भारत को फाइनल की रेस में बने रहना है तो दूसरों के नतीजों के साथ-साथ अपने सभी मुकाबले जीतने होंगे। भारतीय टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज का दूसरा व आखिरी टेस्ट 27 नवंबर से क्राइस्टचर्च में खेलेगी। फिर पांच मुकाबले टीम इंडिया बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलेगी।

डब्ल्यूटीसी फाइनल में कैसे पहुंचेगा भारत? समझें पूरा गणित

अगर मौजूदा समीकरण की बात करें तो भारत के लिए एकमात्र रास्ता फाइनल में पहुंचने का है बचे हुए सभी छह टेस्ट मैचों में जीत। पूर्व चैंपियन ऑस्ट्रेलिया के मौजूदा फॉर्म को देखते हुए यह बेहद मुश्किल भी लग रहा है। ऑस्ट्रेलियाई टीम भारत दौरे पर आएगी और भारत के लिए पांचों टेस्ट मैच जीतना आसान नहीं होगा। वहीं अगर ऑस्ट्रेलिया अपनी अगली टेस्ट सीरीज में न्यूजीलैंड से सभी मैच हार भी जाती है तो इससे फायदा भारत को नहीं तीसरे स्थान पर मौजूद न्यूजीलैंड को होगा।

मौजूदा विश्व टेस्ट चैंपियन साउथ अफ्रीका की टीम 75 पर्सेंटाइल के साथ टॉप पर काबिज है। अगर साउथ अफ्रीका आगामी सीरीज में इंग्लैंड से हारती भी है तो भी टॉप 3 में हर हाल में बनी रहेगी। यानी भारतीय टीम के लिए अन्य टीमों के नतीजे भी खास पक्ष में नहीं हैं। ऐसे में भारत को अगर तीसरी बार WTC फाइनल खेलना है तो पूरी तरह खुद के मैचों के नतीजों पर भी निर्भर रहना होगा। बचे हुए सभी छह में से छह मैचों में जीत भारत को फाइनल का टिकट दिला सकती है। वहीं एक भी हार यहां से भारत के फाइनल खेलने के सपने के तोड़ सकती है।

WTC 2025-27 में भारत के बचे हुए मुकाबले
  • भारत बनाम न्यूजीलैंड: 27 नवंबर-1 दिसंबर 2026, क्राइस्टचर्च
  • भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया: 21-25 जनवरी 2027, नागपुर
  • भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया: 29 जनवरी-2 फरवरी 2027, चेन्नई
  • भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया: 11-15 फरवरी 2027, गुवाहाटी
  • भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया: 19-23 फरवरी 2027, रांची
  • भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया: 27 फरवरी- 3 मार्च 2027, अहमदाबाद
WTC 2025-27 की मौजूदा अंकतालिका
स्थान टीम मैच खेले जीत हार ड्रॉ अंक कटे कुल अंक पर्सेंटाइल
1 दक्षिण अफ्रीका 8 6 2 0 0 72 75.00
2 ऑस्ट्रेलिया 13 9 4 0 0 108 69.23
3 न्यूजीलैंड 7 4 1 2 0 56 66.67
4 भारत 12 5 4 3 0 72 50.00
5 बांग्लादेश 9 3 4 2 0 44 40.74
6 इंग्लैंड 16 7 8 1 14 74 38.54
7 वेस्टइंडीज 14 3 8 3 2 46 27.38
8 श्रीलंका 8 1 3 4 15 13 13.54
9 पाकिस्तान 11 3 7 1 24 16 12.12

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here