भोपाल। मध्यप्रदेश जूडो अकादमी के खिलाड़ी यश प्रधान ने सीनियर नेशनल जूडो चैंपियनशिप में मध्यप्रदेश को रजत पदक दिलाया। जम्मू कश्मीर में खेली जा रही इस प्रतियोगिता में रविवार-सोमवार की दरमियानी रात यश को फाइनल मुकाबले में शिकस्त का सामना करना पड़ा। इससे पहले उन्होंने उत्तराखंड, पंजाब, दिल्ली और उत्तरप्रदेश के खिलाड़ियों को पराजित किया। इस पदक के साथ ही यश ने नवंबर माह में गोवा में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय खेलों के लिए मध्यप्रदेश जूडो पुरुष टीम में जगह बना ली है। यश पिछले पांच सालों से अंतरराष्ट्रीय जूडो कोच कमला रावत की देखरेख में तात्या टोपे स्टेडियम के मार्शल हॉल में अभ्यास करते हैं।

