9 पारियों में 4 बार डक पर आउट हुए यशस्वी, न्यूजीलैंड टेस्ट सीरीज से पहले बढ़ी चिंता

0

नई दिल्ली : क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में शनिवार (31 अक्टूबर) से इंडिया ए और न्यूजीलैंड ए के बीच खेले जा रहे दूसरे अनौपचारिक टेस्ट में भारतीय ओपनर यशस्वी जायसवाल की खराब फॉर्म जारी रही। वह महज 4 गेंदों का सामना करने के बाद पहले ही ओवर में बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। न्यूजीलैंड ए के टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने के फैसले के बाद भारतीय पारी की शुरुआत करने उतरे जायसवाल को तेज गेंदबाज फ्रेजर शीट ने पहले ही ओवर में अपना शिकार बना लिया।

तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे देवदत्त पडिक्कल और ओपनर साई सुदर्शन ने दूसरे विकेट के लिए 91 रन की साझेदारी कर इंडिया ए की पारी को संभाला। साई सुदर्शन 41 रन बनाकर आउट हुए, जबकि पडिक्कल ने अपनी शानदार फॉर्म जारी रखते हुए 140 गेंदों पर 80 रन की पारी खेली। हालांकि, इस साझेदारी के टूटने के बाद इंडिया ए का मध्यक्रम लड़खड़ा गया और टीम ने 137 रन के स्कोर पर अपने 5 विकेट गंवा दिए। न्यूजीलैंड के खिलाफ 19 नवंबर से शुरू होने वाली 2 मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले यशस्वी जायसवाल की खराब फॉर्म भारतीय टीम के लिए चिंता का विषय बन गई है।

पहले अनाधिकारिक टेस्ट में भी नहीं चला था यशस्वी जायसवाल का बल्ला

24 साल के इस खिलाड़ी ने अगस्त के बाद से रेड-बॉल फॉर्मेट में कोई अर्धशतक नहीं लगाया है। पिछले हफ्ते न्यूजीलैंड ए के खिलाफ चार दिन के मैच में जायसवाल ने 17 और 5 रन बनाए। इस महीने की शुरुआत में रणजी ट्रॉफी के अपने पहले मैच में चंडीगढ़ के खिलाफ मुंबई के लिए ओपनिंग करते हुए वह 13 गेंदों का सामना करने के बाद बिना खाता खोले आउट हो गए।

9 पारियों में 4 बार डक पर आउट हुए यशस्वी जायसवाल

श्रीलंका दौरे के बाद से जायसवाल नौ पारियों में से चार में बार बिना खाता खोले (डक पर) आउट हुए हैं। गॉल में श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट की दूसरी पारी में भी वह बिना खाता खोले आउट हो गए थे। ड्रॉ रही इस सीरीज की तीन पारियों में जायसवाल ने कुल 77 रन बनाए। उस टेस्ट से पहले एसएलसी XI के खिलाफ प्रैक्टिस मैच में भी वह बिना खाता खोले आउट हुए थे।

यशस्वी जायसवाल को लगा बड़ा झटका, वनडे टीम से हुए बाहर

हाल ही में जायसवाल को वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत की वनडे टीम में शामिल किया गया था, लेकिन उन्हें तीनों मैचों में खेलने का मौका नहीं मिला। हालांकि, 4 नवंबर से ऑकलैंड में शुरू होने वाली न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की वनडे सीरीज के लिए उन्हें टीम में जगह नहीं मिली है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here