नई दिल्ली : हॉन्गकॉन्ग सिक्सेज 2026 में भारत का निराशाजनक प्रदर्शन जारी रहा। शनिवार (31 अक्टूबर) को उसे संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के खिलाफ 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के साथ ही भारतीय टीम टूर्नामेंट की खिताबी दौड़ से बाहर हो गई। इससे पहले भारत को पाकिस्तान के खिलाफ भी शिकस्त मिली थी। लगातार दो हार के कारण टीम ग्रुप-सी में आखिरी स्थान पर रही। अब भारतीय टीम बाउल नॉकआउट मुकाबले में खेलेगी। टूर्नामेंट के प्रारूप के अनुसार, ग्रुप चरण में आखिरी स्थान पर रहने वाली टीमें बाउल नॉकआउट में पहुंचती हैं, जबकि शीर्ष पर रहने वाली टीम कप सेमीफाइनल और दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम प्लेट राउंड में जगह बनाती है।
भारत ने टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 ओवर में 6 विकेट खोकर 94 रन बनाए। यूएई ने 4.2 ओवर में बगैर विकेट खोए 97 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। यूएई के लिए खालिद शाह ने सबसे ज्यादा 14 गेंद पर 3 चौके और 6 छक्के की मदद से नाबाद 52 रन बनाए। अंश टंडन ने 12 गेंद पर 2 चौके और 5 छक्कों की मदद से 39 रन बनाए।
यूएई के बल्लेबाजों के सामने बेअसर नजर आए भारतीय गेंदबाज
भारत की गेंदबाजी की बात करें तो टी नटराजन ने 2 ओवर में 43 रन दिए। शशांक सिंह ने 1 ओवर में 17 रन दिए। नितीश राणा ने 1 ओवर में 24 रन दिए। क्रुणाल पंड्या ने 0.2 ओवर में 12 रन दिए। इससे पहले भारत ने टी नटराजन 14 गेंद पर 38 और राहुल त्रिपाठी 7 गेंद पर 24 रन के बदौलत 6 विकेट पर 94 रन बनाए थे।
- संयुक्त अरब अमीरात की प्लेइंग 6
खालिद शाह (विकेटकीपर/कप्तान), अंश टंडन, मुहम्मद जुहैब, जाहिद अली, मुहम्मद फारूक, मोहम्मद फराज़ुद्दीन। - भारत की प्लेइंग 6
राहुल त्रिपाठी (विकेटकीपर) नितीश राणा, शशांक सिंह, राहुल तेवतिया, क्रुणाल पंड्या (कप्तान), टी नटराजन। - संयुक्त अरब अमीरात टीम
खालिद शाह (विकेटकीपर), अंश टंडन, मुहम्मद जुहैब, मारूफ मर्चेंट, जाहिद अली, मुहम्मद फारूक, मोहम्मद फराज़ुद्दीन। - भारतीय टीम
राहुल त्रिपाठी (विकेटकीपर), नितीश राणा, शशांक सिंह, राहुल तेवतिया, क्रुणाल पंड्या (कप्तान), टी नटराजन, कुलवंत खेजरोलिया।


