नई दिल्ली : राजस्थान रॉयल्स के ओपनर बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने आईपीएल 2026 के 13वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस के खिलाफ शानदार पारी खेली, जिसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा। बारिश के कारण इस मैच को 11-11 ओवर का कर दिया गया था और राजस्थान रॉयल्स को पहले बल्लेबाजी करने का न्योता मिला था। मुंबई की गेंदबाजी अटैक को देखकर ऐसा लग रहा था कि शायद राजस्थान के बल्लेबाज इनके सामने सरेंडर कर देंगे, लेकिन हुआ इसका ठीक उल्टा यानी राजस्थान के बल्लेबाजों के सामने मुंबई के गेंदबाज सरेंडर करते नजर आए। यशस्वी ने इस मैच में ऐसी पारी खेली जिसके दम पर राजस्थान ने 11 ओवर में 3 विकेट पर 150 रन ठोक डाले। इस टीम के 50 रन सिर्फ 2.4 ओवर में यानी 16 गेंदों पर ही आ गए।
इस मैच में मुंबई इंडियंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया और फिर राजस्थान ने यशस्वी जायसवाल की नाबाद 77 रन की पारी के दम पर 11 ओवर में 3 विकेट पर 150 रन बनाए। इसके जवाब में मुंबई की टीम 11 ओवर में 9 विकेट पर 123 रन ही बना पाई और उसे 27 रन से हार मिली। राजस्थान रॉयल्स लगातार तीन जीत के साथ 6 अंक के साथ अब अंकतालिका में पहले नंबर पर आ गई। यशस्वी को उनकी पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
यशस्वी जायसवाल ने 5 खिलाड़ियों की बराबरी कर फिर दिखाया अपना जलवा
यशस्वी ने इस मैच में यानी मुंबई के खिलाफ 32 गेंदों पर 77 रन की पारी खेली और इस दौरान 4 छक्के और 10 चौके लगाए जबकि उनका स्ट्राइक रेट 240.62 का रहा। इसके बाद वो इस लीग में 200 की ज्यादा की स्ट्राइक रेट से साथ सबसे ज्यादा बार 50 प्लस की पारी खेलने वाले भारतीय बल्लेबाजों की लिस्ट में संयुक्त रूप से वीरेंद्र सहवाग, दिनेश कार्तिक, संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा और रजत पाटीदार की बराबरी पर पहुंच गए। इन सभी बैटर्स ने इस लीग में ऐसा 5-5 बार किया है और यशस्वी ने भी ऐसा 5वीं बार किया।
IPL में 200+ की स्ट्राइक रेट के साथ सबसे ज्यादा बार 50+ की पारी खेलने वाले भारतीय
8 – एमएस धोनी
8 – सूर्यकुमार यादव
7 – ऋषभ पंत
7- ईशान किशन
6 – युसूफ पठान
6 – श्रेयस अय्यर
5 – वीरेंद्र सहवाग
5 – दिनेश कार्तिक
5 – संजू सैमसन
5 – अभिषेक शर्मा
5 – रजत पाटीदार
5 – यशस्वी जयसवाल
यशस्वी ने की रहाणे की बराबरी
यशस्वी जायसवाल ने मुंबई के खिलाफ नाबाद 77 रन की पारी खेली और वो आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के लिए 19वीं बार 50 व उससे ज्यादा रन की पारी खेलने का कमाल किया। इस तरह से यशस्वी ने अजिंक्य रहाणे की भी बराबरी कर ली जिन्होंने इस टीम के लिए ऐसा 19 बार किया था। इस लिस्ट में पहले नंबर पर जोस बटलरर और संजू सैमसन पहले नंबर पर हैं जिन्होंने 25-25 बार इस लीग में राजस्थान के लिए 50 प्लस की पारी खेलने का कमाल किया था।
IPL में RR के लिए सबसे ज्यादा 50+ स्कोर
25 – जोस बटलर (82 पारियां)
25 – संजू सैमसन (144 पारियां)
19 – यशस्वी जायसवाल (69 पारियां)
19 – अजिंक्य रहाणे (93 पारियां)
16 – शेन वॉटसन (76 पारियां)


