यशस्वी जायसवाल का आपा खोया, आउट होने के बाद श्रीलंकाई गेंदबाज से भिड़े

0
नई दिल्ली : भारत और श्रीलंका के बीच दूसरे टेस्ट के पहले दिन रविवार (23 अगस्त) को यशस्वी जायसवाल और श्रीलंकाई गेंदबाज असिता फर्नांडो के बीच मैदान पर तीखी नोकझोंक देखने को मिली। आउट होने से पहले जायसवाल अच्छी लय में नजर आ रहे थे और उन्होंने उसी ओवर में तीन चौके लगाए। हालांकि, ओवर की आखिरी गेंद पर असिता फर्नांडो ने उन्हें बोल्ड कर दिया, जिसके बाद दोनों खिलाड़ियों के बीच विवाद की स्थिति बन गई।

यशस्वी जायसवाल पवेलियन लौट रहे थे। वह जश्न मना रहे श्रीलंकाई खिलाड़ियों की ओर लौटे। शायद उन्हें कुछ कहा गया। इसके बाद उनके और फर्नांडो के बीच कहासुनी हुई। जायसवाल ने फर्नांडो के सिर से सिर लड़ाया। फिर श्रीलंकाई खिलाड़ियों ने बीच बचाव किया। फिर जायसवाल पवेलियन लौटे। फर्नांडो और जायसवाल पर इस लड़ाई के कारण आईसीसी कार्रवाई कर सकता है।

यशस्वी जायसवाल काफी अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे। उन्होंने 53 गेंद पर 9 चौके की मदद से 45 रन बनाए। उन्होंने पारी की दूसरी ही गेंद पर चौका जड़ा। जायसवाल जब आउट हुए तब भारत का स्कोर 17 ओवर में 66 रन था। इससे पहले केएल राहुल 18 रन बनाकर लहिरू कुमारा की गेंद पर आउट हुए थे।

गौरतलब है कि यशस्वी जायसवाल की श्रीलंकाई खिलाड़ियों के साथ मैदान पर नोकझोंक का यह पहला मामला नहीं है। पहले टेस्ट की दूसरी पारी के दौरान उनकी श्रीलंका के विकेटकीपर बल्लेबाज निरोशन डिकवेला के साथ भी तीखी बहस देखने को मिली थी। उस दौरान जायसवाल ने डिकवेला को स्लेज करते हुए फाइन लेग की दिशा में पुल शॉट खेलने की बात कही थी। साथ ही उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा था कि अगर वह ऐसा करते हैं तो वह उन्हें आईपीएल का कॉन्ट्रैक्ट दिला देंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here