यशस्वी जायसवाल ने जड़ा शानदार शतक, वैभव सूर्यवंशी ने छक्कों से मचाया धमाल

0

नई दिल्ली : आईपीएल 2026 के 13वें मैच में राजस्थान रॉयल्स के ओपनर्स यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी ने मुंबई इंडियंस के अनुभवी और वर्ल्ड क्लास गेंदबाजी आक्रमण की कमर तोड़ दी। वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 14 गेंदों में 39 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली, जिसमें उन्होंने जसप्रीत बुमराह का स्वागत छक्के के साथ किया, जो मैच का खास आकर्षण रहा। अपनी इस धमाकेदार पारी के दौरान वैभव ने पांच छक्के लगाकर ऋषभ पंत और ईशान किशन के एक अहम रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया।

वैभव सूर्यवंशी अब आईपीएल इतिहास में 19 साल या उससे कम उम्र में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने पिछले मैच में ऋषभ पंत और इशान किशन की बराबरी की थी। इस मैच में वैभव ने पांच छक्के लगाकर दोनों भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाजों को पीछे छोड़ दिया। वैभव अब बतौर टीनेजर आईपीएल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ी हैं।

आईपीएल में 19 साल या उससे कम उम्र में सबसे ज्यादा छक्के

35 छक्के: वैभव सूर्यवंशी (10 पारी)
30 छक्के: ऋषभ पंत (24 पारी)
30 छक्के: इशान किशन (27 पारी)
22 छक्के: संजू सैमसन (23 पारी)

यशस्वी जायसवाल ने जड़ा शानदार शतक, रचा बड़ा कीर्तिमान

वहीं यशस्वी ने नाबाद रहते हुए 32 गेंद पर 77 रन की पारी खेली। उन्होंने इस पारी में 10 चौके और 4 छक्के लगाए। इसी के साथ यशस्वी ने राजस्थान रॉयल्स के लिए 100 छक्के पूरे करते हुए खास शतक भी पूरा किया। वह राजस्थान के लिए 100 या उससे ज्यादा छक्के लगाने वाले सिर्फ चौथे बल्लेबाज बने। वहीं यशस्वी का राजस्थान के लिए यह 19वां फिफ्टी प्लस स्कोर भी था। इस मामले में उन्होंने अजिंक्य रहाणे की बराबरी की।

आईपीएल में RR के लिए 100 या उससे ज्यादा छक्के

192 छक्के: संजू सैमसन
135 छक्के: जोस बटलर
109 छक्के: शेन वॉटसन
100 छक्के: यशस्वी जायसवाल

राजस्थान रॉयल्स ने 11 ओवर में बनाए 150 रन, दिखाया ताबड़तोड़ प्रदर्शन

यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी की तूफानी पारियों की बदौलत राजस्थान रॉयल्स ने मात्र 11 ओवर में 150 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया। इस दौरान टीम ने आईपीएल में सबसे तेज 50 रन बनाने के मामले में दूसरा स्थान हासिल किया। यह रिकॉर्ड अभी भी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के नाम दर्ज है, जिसने 2011 में 2.3 ओवर में 50 रन पूरे किए थे। वहीं इस मैच में राजस्थान रॉयल्स ने 2.4 ओवर में ही अपने शुरुआती 50 रन पूरे कर एक नया तेजतर्रार प्रदर्शन किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here