इंडिया-इंग्लैंड संयुक्त प्लेइंग इलेवन में यशस्वी-राहुल ओपनर, स्टोक्स कप्तान, गिल-जडेजा बाहर

0

नई दिल्ली: भारत और इंग्लैंड के बीच खेली गई 5 मैचों की टेस्ट सीरीज बेहद रोमांचक रही, जो 2-2 की बराबरी पर समाप्त हुई। इस सीरीज में बेन स्टोक्स की अगुआई वाली इंग्लैंड टीम को शुभमन गिल के नेतृत्व वाली टीम इंडिया ने कड़ी टक्कर दी। कई मुकाबलों में भारतीय टीम इंग्लैंड पर पूरी तरह हावी नजर आई और खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया। इस टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भारतीय कप्तान शुभमन गिल रहे तो वहीं सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले बॉलर मोहम्मद सिराज रहे। इस टेस्ट सीरीज के समाप्त होने के बाद इंग्लैंड क्रिकेट टीम के पूर्व तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड ने इंडिया-इंग्लैंड की संयुक्त प्लेइंग इलेवन का चयन किया। अपनी इस टीम में ब्रॉड ने 6 भारतीय जबकि 5 इंग्लैंड के खिलाड़ियों को जगह दी।

इंडिया-इंग्लैंड संयुक्त XI से बाहर हुए स्टार खिलाड़ी

इंग्लैंड के पूर्व गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड ने अपनी पसंदीदा प्लेइंग इलेवन में शुभमन गिल को शामिल नहीं किया। गिल ने टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाए थे, ऐसे में उनका बाहर होना हैरान करने वाला है। ब्रॉड ने रविंद्र जडेजा जैसे अनुभवी ऑलराउंडर को भी टीम में जगह नहीं दी। उन्होंने अपनी टीम का कप्तान बेन स्टोक्स को बनाया। ब्रॉड ने चौथे नंबर पर गिल पर तरजीह देते हुए जो रूट को जगह दी जबकि विकेटकीपर के रूप में उन्होंने जेमी स्मिथ पर तरजीह देते हुए ऋषभ पंत का चयन किया।

ब्रॉड ने अपनी टीम का ओपनर यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल को चुना जबकि तीसरे नंबर पर उन्होंने ओली पोप को रखा। पांचवें नंबर पर बैटिंग के लिए उन्होंने अपनी टीम में हैरी ब्रुक को रखा जिन्हें इस टेस्ट सीरीज में गिल के साथ संयुक्त रूप से प्लेयर ऑफ द सीरीज का खिताब दिया गया था। वहीं टीम के कप्तान बेन स्टोक्स को उन्होंने बैटिंग क्रम में छठे स्थान पर रखा। पंत को उन्होंने 7वें जबकि ऑलराउंडर सुंदर को 8वें स्थान पर रखा। तेज गेंदबाज के रूप में प्लेइंग इलेवन में जोफ्रा आर्चर, जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज को मौका दिया।

स्टुअर्ट ब्रॉड की संयुक्त भारत-इंग्लैंड प्लेइंग इलेवन

यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, ओली पोप, जो रूट, हैरी ब्रुक, बेन स्टोक्स (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, जोफ्रा आर्चर, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here