नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम इस समय वेस्टइंडीज के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेल रही है, जिसका दूसरा मैच 10 अक्टूबर से दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। टीम इंडिया में फिलहाल नितीश रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, हार्दिक पंड्या और रविंद्र जडेजा जैसे अनुभवी और स्टार ऑलराउंडर शामिल हैं, जो टीम को संतुलित बनाने और हर स्थिति में मजबूत प्रदर्शन देने की क्षमता रखते हैं। इस सीरीज में इन खिलाड़ियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रहेगी।
रविंद्र जडेजा तो अपने करियर का आखिरी पड़ाव पर हैं और भारत के स्टार ऑलराउंडर हैं, लेकिन उनके बाद कौन भारतीय टीम का महान ऑलराउंडर बनेगा इसके बारे में युवराज सिंह के पिता योगराज सिंह ने बताया। हैरान की बात ये रही कि योगराज ने इसके लिए नितीश, अक्षर, सुंदर या फिर हार्दिंक पंड्या का नाम नहीं लिया।
मोहम्मद सिराज बन सकते हैं भारत के महानतम ऑलराउंडर
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व तेज गेंदबाज योगराज सिंह का मानना है कि मौजूदा तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज अगर अपनी बल्लेबाजी को गंभीरता से लेते हैं, तो वे ग्रेटेस्ट ऑलराउंडर बन सकते हैं। मीडिय रिपोट की अनुसार न्यूज 18 से बातचीत में योगराज सिंह ने कहा कि सिराज एक बेहतरीन गेंदबाज हैं, इसमें कोई शक नहीं, लेकिन अगर वे अपनी बल्लेबाजी पर भी उतना ही ध्यान दें तो टीम के लिए और भी बड़ी भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि सिराज को गेंदबाजी के साथ-साथ कम से कम दो घंटे बल्लेबाजी की भी प्रैक्टिस करनी चाहिए ताकि वे अपने ऑलराउंडर कौशल को और निखार सकें।
योगराज सिंह ने मोहम्मद सिराज की मेहनत और समर्पण की जमकर तारीफ की है और कहा कि यदि उन्हें सही मार्गदर्शन मिला तो वे समय के साथ भारत के लिए बॉल और बैट दोनों से बेहद उपयोगी खिलाड़ी बन सकते हैं। योगराज के मुताबिक, सिराज में एक बड़े ऑलराउंडर बनने के सभी जरूरी गुण मौजूद हैं। गौरतलब है कि सिराज ने हाल ही में इंग्लैंड दौरे पर बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए सबसे ज्यादा 23 विकेट अपने नाम किए थे। इसके अलावा, वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में भी उन्होंने 7 विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई थी।


