युवराज सिंह का सुझाव: क्रिकेटरों के लिए गोल्फ को भी अपनाने की बात

0

नई दिल्ली : क्रिकेट की तरह आजकल कई अन्य खेलों में भी आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) की तर्ज पर फ्रेंचाइजी आधारित लीग शुरू हो चुकी हैं। इसी क्रम में आईजीपीएल (इंडियन गोल्फ प्रीमियर लीग) का नाम भी शामिल है। गुरुवार (2 अप्रैल 2026) को नई दिल्ली में गोल्फ प्रीमियर लीग के आगामी सीजन के लिए 10 फ्रेंचाइजी का ऐलान किया गया। इस कार्यक्रम में लीग के ब्रांड एम्बेसडर और सह-संस्थापक क्रिकेट के दिग्गज युवराज सिंह भी मौजूद रहे। इस दौरान युवराज ने क्रिकेटरों को सलाह दी कि वे फिटनेस और मानसिक संतुलन के लिए गोल्फ जैसे खेलों को भी अपनाएं।

इतना ही नहीं युवराज सिंह ने आईपीएल से गोल्फ प्रीमियर लीग की तुलना कर दी। उन्होंने कहा कि जिस तरह क्रिकेट में आईपीएल के जरिए काफी युवा टैलेंट सामने आता है। कई खिलाड़ियों को अच्छा प्लेटफॉर्म मिलता है। ठीक उसी तरह गोल्फ से भी युवा समेत सभी खिलाड़ियों को एक्सपोजर मिलेगा और उन्हें अपनी प्रतिभा को इस खेल में निखारने का सुनहरा अवसर भी मिलेगा। साथ ही युवराज ने क्रिकेटरों को भी गोल्फ खेलने की सलाह दी और कहा यह तनाव को दूर करने का अच्छा जरिया है।

क्रिकेट के साथ अन्य खेलों से जुड़ने का युवराज का संदेश

टीम इंडिया के विश्व चैंपियन खिलाड़ी युवराज सिंह, जो रिटायरमेंट के बाद से अक्सर गोल्फ कोर्स में नजर आते हैं, उन्होंने अन्य क्रिकेटरों को भी यह खेल अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि क्रिकेटरों को क्रिकेट के साथ-साथ गोल्फ भी खेलना चाहिए। उनके मुताबिक, उन्हें भी अपने करियर की शुरुआत में ही यह खेल शुरू कर देना चाहिए था, क्योंकि इससे उन्हें क्रिकेट में भी फायदा मिल सकता था। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका के खिलाड़ी बचपन से ही गोल्फ जैसे खेलों से जुड़े रहते हैं।

2011 वर्ल्ड कप जीत के 15 साल पूरे होने के मौके पर युवी ने कहा,”क्रिकेटरों को कम उम्र से गोल्फ खेलना चाहिए, इससे मन का तनाव भी दूर होता है।” वहीं युवराज सिंह ने आगामी गोल्फ लीग (IGPL) को लेकर भी कहा,”टीम फॉर्मेट खेल को और भी रोमांचक बना देगा। मैं खेल को आगे बढ़ाने की इन योजनाओं से बहुत उत्साहित हूं, इसमें आगे बढ़ने की काफी संभावनाएं हैं।”

IGPL 2026 का ढांचा: फ्रेंचाइजी आधारित टूर्नामेंट सिस्टम

आईजीपीएल के आगामी सीजन में कुल 15 टूर्नामेंट आयोजित किए जाएंगे, जिनमें से 10 भारत के विभिन्न शहरों में और 5 भारत के बाहर खेले जाएंगे। पहले तीन अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट इसी महीने मॉरीशस, दक्षिण अफ्रीका और कांगो में होंगे। प्रत्येक टीम में चार खिलाड़ी शामिल होंगे। हर टूर्नामेंट में खिलाड़ी 1.5 करोड़ रुपये के इनाम के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगे और साथ ही अपनी टीम की जीत के लिए भी योगदान देंगे। हर दिन टीम के दो सर्वश्रेष्ठ स्कोर को जोड़ा जाएगा। पूरे सीजन में अंकों के आधार पर प्रदर्शन तय होगा और अंत में शीर्ष तीन टीमों को पुरस्कार दिए जाएंगे।

IGPL की सभी 10 फ्रेंचाइजी
  • अत्रि मुंबई जीसी (Atri Mumbai GC): अमन राज, उदयन माने, आदिल बेदी, तुषार पन्नू
  • ऑरो रियल्टी गोवा जीसी (Auro Realty Goa GC): वरुण चोपड़ा, सार्थक छिब्बर, आलाप आई एल, कनव चौहान
  • फ्लाइंग मैन कोलकाता जीसी (Flying Man Kolkata GC): वरुण पारिख, सुखमन सिंह, सैयद साकिब अहमद, कार्तिक शर्मा
  • ग्रीन फ्यूल्स विजाग जीसी (Green Fuels Vizag GC): मानव शाह, धर्मा एम, मिलिंद सोनी, दानिश वर्मा
  • गोल्फ कनेक्ट बेंगलुरु (Golf Konnekt Bengaluru): वीर गणपति, सुन्हित बिश्नोई, त्रिशूल चिनप्पा, सुधीर शर्मा
  • होनर होम्स गुरुग्राम जीसी (Honer Homes Gurugram GC): पुखराज सिंह गिल, शौर्य बीनू, शत मिश्रा, दिगराज सिंह गिल
  • कृष्णा पंजाब जीसी (Krishna Punjab GC): करणदीप सिंह कोचर, कपिल कुमार, हरेंद्र गुप्ता, सी मुनियप्पा
  • फीनिक्स हैदराबाद जीसी (Phoenix Hyderabad GC): सचिन बैसोया, राघव चुघ, अर्जुन भट्टी, रंजीत सिंह
  • आरवीआर दिल्ली जीसी (RVR Delhi GC): शिव कपूर, आर्यन रूपा आनंद, चिराग कुमार, गौरव घई
  • विमत्रा चेन्नई जीसी (Vimtra Chennai GC): गगनजीत भुल्लर, यशस चंद्रा एम एस, समर्थ द्विवेदी, हर्षजीत सिंह सेठी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here