नई दिल्ली : टी-20 विश्व कप 2026 के 38वें मुकाबले में गुरुवार (19 फरवरी) को श्रीलंका की टीम का सामना जिम्बाब्वे की टीम से होगा। यह मैच कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा। अब तक दोनों टीमों ने इस टूर्नामेंट में कोई भी मुकाबला नहीं गंवाया है। श्रीलंका ने अपने सभी मैच जीतकर शानदार लय दिखाई है, जबकि जिम्बाब्वे ने दो मैचों में जीत दर्ज की है और एक मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया था। ऐसे में दोनों अजेय टीमों के बीच यह टक्कर बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है। आइए मैच से जुड़ी जरूरी बातों पर नजर डालते हैं।
जिम्बाब्वे के खिलाफ श्रीलंका का पलड़ा भारी, आंकड़े दे रहे हैं गवाही
श्रीलंका और जिम्बाब्वे के बीच पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला साल 2008 में खेला गया था। अब तक दोनों टीमों के बीच 11 मुकाबले खेले गए हैं। 8 मैच में श्रीलंका को जीत मिली है, वहीं 3 मुकाबलों में उसे हार का सामना करना पड़ा है। टी-20 विश्व कप में दोनों टीमों के बीच अब तक 2 मुकाबले खेले गए हैं। इन दोनों मुकाबले को श्रीलंका की टीम ने अपने नाम किया है।
इस संयोजन के साथ नजर आ सकती है जिम्बाब्वे की टीम
जिम्बाब्वे की टीम अपनी प्लेइंग इलेवन में ज्यादा बदलाव करने को नहीं देखेगी। टीम के सलामी बल्लेबाज ब्रायन बेनेट शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। ऐसे में उनसे एक और बड़ी पारी की उम्मीद होगी। कप्तान सिकंदर रजा बल्लेबाजी और गेंदबाजों दोनों में अपनी छाप छोड़ना चाहेंगे।
संभावित एकादश: ब्रायन बेनेट, तादिवानाशे मारुमानी (विकेटकीपर), डियोन मायर्स, सिकंदर रजा (कप्तान), रयान बर्ल, टोनी मुनयोंगा, ताशिंगा मुसेकिवा, ब्रैड इवांस, वेलिंगटन मसाकाद्जा, ग्रीम क्रेमर, और ब्लेसिंग मुजरबानी।
ऐसी हो सकती है श्रीलंका की प्लेइंग इलेवन
श्रीलंका की टीम अपने चोटिल खिलाड़ियों से परेशान है। वानिंदु हसरंगा पहले ही टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मुकाबले में मथीशा पथिराना भी चोटिल हो गए। ऐसे में आने वाले मुकाबलों में उनका खेलना बेहद मुश्किल है। उनकी जगह प्लेइंग इलेवन में प्रमोद मदुशन को मौका मिल सकता है।
संभावित एकादश: पथुम निसांका, कामिल मिशारा, कुसल मेंडिस (विकेटकीपर), पवन रत्नायके, कामिंदु मेंडिस, दासुन शनाका (कप्तान), दुशन हेमंथा, दुनिथ वेलालागे, दुश्मंथा चमीरा, महेश तीक्ष्णा और प्रमोद मदुशन।
कैसे होगी पिच की स्थिति?
कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम की पिच स्पिन गेंदबाजों के लिए काफी मददगार मानी जाती है। मैच की शुरुआत में बल्लेबाजों को रन बनाने में ज्यादा कठिनाई नहीं होती, लेकिन जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ता है, पिच धीमी हो जाती है, और स्पिनर को हावी होने का मौका मिलता है। हाउस्टेट के मुताबिक, इस मैदान पर पहली पारी का औसत स्कोर 150 रन है। यहां सर्वोच्च टीम स्कोर बांग्लादेश ने (215/5 बनाम श्रीलंका, 2018) ने बनाया है।
ऐसा रहेगा कोलंबो का मौसम
एक्यूवेदर के अनुसार, 19 फरवरी को कोलंबो में बादल छाए रहेंगे। अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री रहने का अनुमान है। बारिश की संभावना 80 प्रतिशत से भी ज्यादा है। ऐसे में मैच बिना बारिश के खेले जाने की उम्मीद नहीं है।
इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर रहेंगी नजरें
कुसल ने पिछले 10 मुकाबलों में 40.11 की औसत से 361 रन बनाए हैं। निसांका के बल्ले से 10 मुकाबलों में 147.61 की स्ट्राइक रेट से 248 रन निकले हैं। बेनेट ने पिछले 10 मुकाबलों में 130.03 की स्ट्राइक रेट से 355 रन बनाए हैं। सिकंदर के बल्ले से 10 मैचों में 141.3 की स्ट्राइक रेट से 260 रन निकले हैं। चमीरा ने पिछले 7 मैच में 15 विकेट चटकाए हैं। मुजरबानी ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 4 विकेट लिए थे।
कब और कहां देखें मुकाबला?
श्रीलंका और जिम्बाब्वे के बीच यह मैच कोलंबो के आर प्रेमदासा में 19 फरवरी को दोपहर 3 बजे से खेला जाएगा। भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियो हॉटस्टार ऐप पर इस मैच का सीधा प्रसारण देखा जा सकता है।


