हरारे: सिकंदर रज़ा की कप्तानी में भारत और श्रीलंका में होने वाले टी20 विश्व कप के लिए ज़िम्बाब्वे ने अपनी 15 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। टीम में पूर्व कप्तान ग्रेम क्रेमर और अनुभवी बल्लेबाज़ ब्रेंडन टेलर को शामिल किया गया है। सीनियर खिलाड़ियों के साथ-साथ हालिया प्रदर्शन के आधार पर युवा खिलाड़ियों को भी मौका दिया गया है। ज़िम्बाब्वे 2022 के बाद पहली बार टी20 विश्व कप में हिस्सा लेगा, क्योंकि 2024 के संस्करण के लिए टीम क्वालिफाई नहीं कर पाई थी।
तेज़ गेंदबाज़ ब्लेसिंग मुज़ाराबानी की टीम में वापसी हुई है। वह नवंबर में पाकिस्तान में आयोजित टी20 त्रिकोणीय सीरीज़ में चोट के कारण नहीं खेल सके थे। तेज़ गेंदबाज़ी आक्रमण में उनके साथ टेस्ट और वनडे टीम के कप्तान रिचर्ड एन्गरावा, ब्रैडली इवांस और तिनोतेंदा मपोसा शामिल हैं। युवा गेंदबाज़ न्यूमैन न्यामहुरी को इस बार टीम में जगह नहीं मिली है। स्पिन विभाग में अनुभवी ग्रेम क्रेमर के साथ वेलिंग्टन मसाकाट्जा जिम्मेदारी संभालेंगे।
बल्लेबाज़ी क्रम में टॉप ऑर्डर में ब्रायन बेनेट और तड़िवनाशे मारुमानी के साथ ब्रेंडन टेलर का अनुभव टीम को मजबूती देगा। ऑलराउंडर के रूप में रायन बर्ल के अलावा ताशिंगा मुसेकिवा और टोनी मुनयोंगा को चुना गया है। टी20 विश्व कप में ज़िम्बाब्वे को ग्रुप बी में ऑस्ट्रेलिया, श्रीलंका, आयरलैंड और ओमान के साथ रखा गया है। टीम अपना पहला मुकाबला 9 फरवरी को ओमान के खिलाफ खेलेगी। ज़िम्बाब्वे के ग्रुप चरण के सभी मैच श्रीलंका में आयोजित होंगे।
टी20 विश्व कप के लिए ज़िम्बाब्वे की टीम:
सिकंदर रज़ा (कप्तान), ब्रायन बेनेट, रायन बर्ल, ग्रेम क्रेमर, ब्रैडली इवांस, क्लाइव मडांडे, तिनोतेंदा मपोसा, तड़िवनाशे मारुमानी, वेलिंग्टन मसाकाट्जा, टोनी मुनयोंगा, ताशिंगा मुसेकिवा, ब्लेसिंग मुज़ाराबानी, डियोन मायर्स, रिचर्ड एन्गरावा, ब्रेंडन टेलर।

