भोपाल। मैन ऑफ द मैच सिद्धार्थ पिल्लई के ऑलराउंड प्रदर्शन की मदद से शिवाजी क्रिकेट क्लब ने विधायक ट्रॉफी अंडर-15 क्रिकेट टूर्नामेंट में सेंट जोसेफ को-एड पर दस विकेट की आसान जीत दर्ज की। अंकुर मैदान पर शुक्रवार को खेले गए इस मुकाबले में सेंट जोसेफ को-एड ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए 30.3 ओवर में 114 रन बनाए। उसकी ओर से अथर्व ने 26 और सृजन ने 20 रन बनाए। शिवाजी क्लब के लिए सिद्धार्थ पिल्लई ने तीन विकेट लिए। जीवेश उपाध्याय, लोहिताक्ष नेमा और भरत पमनानी ने दो-दो बल्लेबाजों को आउट किया। जीत के लिए 115 रनों का लक्ष्य शिवाजी क्लब ने बिना किसी नुकसान के 14.2 ओवर में हासिल कर लिया। सलामी बल्लेबाज सिद्धार्थ पिल्लई ने 33 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 56 रन बना । उन्होंने इस पारी में सात दफा गेंद को बाउंड्री के पार पहुंचाया। साथ ही तीन छक्के भी उड़ाए। दूसरे छोर से अंश पुरोहित ने सिद्धार्थ का अच्छा साथ दिया। अंश ने 35 रनों की नाबाद पारी खेली। सिद्धार्थ को वसीम खान और तारिक अली ने पुरस्कृत किया।

