नई दिल्ली : पाकिस्तानी स्पिनर उस्मान तारिक ने दावा किया है कि उनके अनोखे गेंदबाजी एक्शन के कारण भारत पर दबाव बढ़ सकता है। तारिक अपने गेंदबाजी स्टाइल के लिए मशहूर हैं, जिसमें वह गेंद को छोड़ने से पहले लगभग लसित मलिंगा की तरह थोड़ी देर रुकते हैं, जिससे बल्लेबाजों की रीडिंग मुश्किल हो जाती है। अपने पहले T20 वर्ल्ड कप मैच में उन्होंने अब तक तीन विकेट अपने नाम किए हैं और टीम को महत्वपूर्ण समर्थन दिया है।
अमेरिका (USA) के खिलाफ जीत से पहले, ऐसा लग रहा था कि पाकिस्तान उस्मान तारिक को सीधे भारत के खिलाफ उतारेगा, लेकिन मंगलवार 10 फरवरी को उन्हें खिलाया गया। इसका मतलब था कि पाकिस्तान चार फ्रंटलाइन स्पिनरों के साथ मैदान में उतरा, जिसमें ऑलराउंडर सैम अयूब भी शामिल थे। पेसर के तौर पर सिर्फ शाहीन शाह अफरीदी का इस्तेमाल किया गया था।
उस्मान तारिक ने दिखाया खास अंदाज, मुड़ी हुई कोहनी से गेंदबाजी
उस्मान तारिक के अमेरिका के खिलाफ मैच में तीन विकेट लेने के बाद से भारतीय फैंस के बीच उनके एक्शन की वैधानिकता को लेकर फिर सवाल उठने लगे। उस्मान तारिक को मुड़ी हुई कोहनी के साथ गेंदबाजी करने के लिए दो बार रिपोर्ट किया जा चुका है। हालांकि, इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने उन्हें गेंदबाजी करने की मंजूरी दी है।
भारत पर अतिरिक्त दबाव डालने वाले उस्मान तारिक
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार भारतीय प्रशंसकों के बीच अपने एक्शन पर चर्चा के बारे में पूछे जाने पर उस्मान तारिक ने कहा, ‘मुझे लगता है उन पर अतिरिक्त दबाव होगा, क्योंकि जिस तरह से वे इन चीजों पर चर्चा कर रहे हैं…। अगर वे सिर्फ उस तरह से चर्चा कर रहे हैं, मतलब वे सिर्फ उस पर आपत्ति जता रहे हैं, तो इससे पता चलता है कि शायद उन पर अतिरिक्त दबाव है।’
उस्मान तारिक ने साफ किया कि उन्हें इसे लेकर कुछ पता नहीं है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उस्मान ने कहा, ‘हालांकि, मुझे इसके बारे में नहीं पता। वास्तव में मैं अपने खेल पर फोकस कर रहा हूं। मुझे कोई आइडिया नहीं है कि मीडिया और बाकी चीजों में क्या चल रहा है। यह एक साधारण बात है कि मैं सिर्फ अपने क्रिकेट और प्रैक्टिस पर फोकस कर रहा हूं।’
6 फीट 4 इंच लंबे हैं उस्मान तारिक
छह फीट चार इंच लंबे ऑफ-स्पिनर उस्मान तारिक ने 15 फरवरी को भारत के खिलाफ मैच को अंडरप्ले करने का फैसला किया और अपनी टीम से प्लान सिंपल रखने को कहा। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि हम जो रिकॉर्ड लिखते हैं…। मुझे लगता है कि हमें उसे वहीं से लिखते हैं, जहां से हम हारना शुरू हुए। अगर आप इसे शुरू से देखें तो हमारा रिकॉर्ड शुरू से ही अच्छा है…तो हमें उसे भी गिनना चाहिए क्योंकि उनमें खिताबी मैच भी थे।’
उस्मान तारिक का भरोसा: इस वर्ल्ड कप को जीतना हमारा लक्ष्य
उस्मान तारिक ने अपनी बात जारी रखते हुए कहा कि आने वाले मैचों में पूरी टीम का ध्यान हर गेम में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन देने पर है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने बताया, “हमें यह वर्ल्ड कप जीतना है और इसे सबके लिए यादगार बनाना है। मेरे लिए यह बस एक साधारण गेम है, क्योंकि जब दिमाग में बहुत अधिक हाइप या दबाव होता है, तो इसे सिंपल रखना ही बेहतर होता है। बस योजना पर टिके रहना ही महत्वपूर्ण है, बस इतना ही।”

