तीरंदाजी विश्व कप: भारतीय महिला टीम की धमाकेदार जीत, कोरिया को 5-1 से हराया

0

नई दिल्ली : भारत का तीरंदाजी विश्व कप के दूसरे चरण में गुरुवार, 7 मई 2026 को प्रदर्शन मिला-जुला रहा। भारतीय महिला रिकर्व टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए रिकॉर्ड 10 बार की ओलंपिक चैंपियन दक्षिण कोरिया को सेमीफाइनल में 5-1 से हराकर देश के लिए पहला पदक सुनिश्चित कर दिया। इस टीम में दीपिका कुमारी, अंकिता भकत और कुमकुम मोहोद शामिल थीं। अब भारतीय महिला टीम का सामना स्वर्ण पदक मुकाबले में रविवार को चीन से होगा। वहीं पुरुष रिकर्व टीम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा, जहां तरुणदीप रॉय, धीरज बोम्मादेवरा और यशदीप भोगे की टीम को पहले ही दौर में बांग्लादेश के खिलाफ 6-2 से हार का सामना करना पड़ा।

लगातार तीन जीत के साथ भारतीय महिला टीम फाइनल में

भारतीय महिला टीम ने लगातार तीन मैच जीतकर फाइनल में प्रवेश किया। चौथी वरीयता प्राप्त भारतीय टीम ने छह तीरों में से चार पर 10 स्कोर किया और सिर्फ दो अंक गंवाकर पहला सेट 58-55 से जीता। दूसरे सेट में मुकाबला 56-56 से बराबर रहा लेकिन भारत ने 3-1 की बढ़त बना ली। मैच जीतने के लिए अब सिर्फ दो अंक की जरूरत थी और अगला सेट भारत ने 58-56 से अपने नाम किया, लेकिन दक्षिण कोरिया ने शंघाई में अनुभवहीन टीम भेजी है, क्योंकि उसका फोकस चार महीने बाद जापान में होने वाले एशियाई खेलों पर है।

कोरियाई टीम में दो नये चेहरे ली युंजी और ओ येजिन थे, जबकि मौजूदा विश्व चैंपियन कांग चाएयंग एकमात्र अनुभवी तीरंदाज थी। इससे पहले भारतीय महिला टीम ने उजबेकिस्तान को पहले दौर में 6-2 (53-56, 57-54, 55-54, 55-51) से हराया। क्वार्टर फाइनल में तनावपूर्ण शूटऑफ में वियतनाम पर 5-4 से जीत दर्ज की। पुरुष टीम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा, जिसने पहला सेट 52-55 से गंवाया। दूसरे सेट में बांग्लादेश ने उसे 54-54 से बराबरी पर रोका। तीसरे सेट में दोनों टीमों का स्कोर 53 रहा। बांग्लादेश ने चौथा सेट 57-53 से जीता।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here