नई दिल्ली : आईपीएल 2026 के 49वें मुकाबले में पंजाब किंग्स के युवा बल्लेबाज कूपर कोनोली ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए नाबाद 107 रन की शतकीय पारी खेली। हालांकि वह अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके, लेकिन इस पारी के दौरान उन्होंने क्विंटन डिकॉक का 10 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। अपनी इनिंग में कूपर ने 8 छक्के भी लगाए, लेकिन इसके बावजूद वह वैभव सूर्यवंशी के रिकॉर्ड को पीछे नहीं छोड़ पाए।
कूपर कोनोली रह गए वैभव से पीछे
कूपर ने हैदराबाद के खिलाफ अपनी नाबाद 107 रन की पारी के दौरान कुल 8 छक्के लगाए और वो आईपीएल में अपनी पहली 9 पारियों के बाद सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में तीसरे नंबर पर आ गए। वैभव का रिकॉर्ड टूटने से बच गया और वो पहले नंबर पर बने हुए हैं। आईपीएल की पहली 9 पारियों के बाद सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड उनके नाम दर्ज है। वैभव ने पहली 9 पारियों में सबसे ज्यादा 30 छक्के लगाए थे जबकि दूसरे स्थान पर 28 छक्कों के साथ जैक फ्रेजर मैकगर्क हैं। तीसरे नंबर पर अब 26 सिक्स के साथ कूपर कोनोली हैं।
आईपीएल की पहली 9 पारियों के बाद सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले टॉप-3 बैटर
- 30 छक्के : वैभव सूर्यवंशी
- 28 छक्के : जैक फ्रेजर मैकगर्क
- 26 छक्के : कूपर कोनोली
कूपर ने रचा इतिहास, टूटा एक दशक पुराना रिकॉर्ड
कूपर ने आईपीएल करियर का पहला शतक हैदराबाद के खिलाफ लगाया और वो अब इस लीग में सबसे कम उम्र में शतक लगाने वाले विदेशी बैटर भी बन गए। कूपर ने ये कमाल 22 साल 257 दिन की उम्र में किया और उन्होंने क्विंटन डिकॉक का 10 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। डिकॉक इससे पहले आईपीएल में सबसे कम उम्र में शतक लगाने वाले विदेशी बल्लेबाज थे। उन्होंने ये कमाल साल 2016 में 23 साल 122 दिन की उम्र में आरसीबी के खिलाफ किया था।
IPL में शतक बनाने वाले सबसे कम उम्र के विदेशी बल्लेबाज
- 22 साल 257 दिन – कूपर कोनोली (PBKS) बनाम SRH, हैदराबाद, 2026
- 23 साल 122 दिन – क्विंटन डिकॉक (DD) बनाम RCB, बेंगलुरु, 2016
- 23 साल 153 दिन – डेविड वॉर्नर (DD) बनाम KKR, दिल्ली, 2010
- 23 साल 330 दिन – डेविड मिलर (KXIP) बनाम RCB, मोहाली, 2013
- 23 साल 352 दिन – कैमरन ग्रीन (MI) बनाम SRH, वानखेड़े, 2023
कूपर और प्रभसिमरन के रिकॉर्ड में बनी टक्कर
कूपर कोनोली पंजाब किंग्स के लिए 22 साल की उम्र में आईपीएल में शतक लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज भी बन गए। इससे पहले पंजाब की ओर से 22 साल की उम्र में इस लीग में शतक लगाने का कारनामा प्रभसिमरन सिंह ने साल 2023 में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ किया था। अब कूपर कोनोली ने भी ऐसा ही प्रदर्शन करते हुए इस खास उपलब्धि की बराबरी कर ली है।
पंजाब किंग्स के लिए 22 साल की उम्र में आईपीएल में शतक लगाने वाले बैटर
- 103 रन – प्रभसिमरन सिंह बनाम DC, दिल्ली, 2023
- 107* रन – कूपर कोनोली बनाम SRH, हैदराबाद, 2026


