भारतीय क्रिकेट टीम के 36 वर्षीय स्पिनर ने क्रिकेट के हर प्रारूप से लिया संन्यास का ऐलान

0

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के 36 वर्षीय स्पिनर पीयूष चावला ने क्रिकेट के हर प्रारूप से रिटायरमेंट का ऐलान कर दिया। पीयूष चावला ने भारत के लिए 35 इंटरनेशनल मैच खेले थे जिसमें उन्होंने कुल 43 विकेट चटकाए थे। वो 15 साल से भारतीय क्रिकेट टीम से बाहर थे और उन्होंने आखिरी मैच में भारत का प्रतिनिधित्व टी20 प्रारूप में इंग्लैंड के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में 2012 में किया था। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने इंस्टाग्राम के जरिए अपनी रिटायरमेंट का ऐलान किया। पीयूष चावला दो वर्ल्ड कप विनर टीम का हिस्सा रह चुके हैं। साल 2007 में जब धोनी ने पहली बार टी20 वर्ल्ड कप खिताब जीता था उसमें वो भारतीय टीम का हिस्सा थे जबकि 2011 वनडे वर्ल्ड कप में भी वो टीम इंडिया का हिस्सा थे।वो दोनों बार टीम इंडिया का हिस्सा जरूर थे, लेकिन उन्हें खेलने का मौका नहीं मिल पाया था।

पीयूष चावला ने भारत के लिए 9 मार्च 2006 को मोहाली में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया था जबकि वनडे में उनका डेब्यू साल 12 मई 2007 को बांग्लादेश के खिलाफ हुआ था। टी20 में डेब्यू के लिए उन्हें थोड़ा इंतजार करना पड़ा था, लेकिन साल 2010 में 2 मई को वो साउथ अफ्रीका के खिलाफ क्रिकेट के सबसे छोटे प्रारूप में पदार्पण करने में सफल रहे थे। पीयूष ने भारत के लिए अपने क्रिकेट करियर के दौरान 3 टेस्ट मैच खेले जिसमें उन्होंने 7 विकेट लिए थे और उनका बेस्ट प्रदर्शन 133 रन देकर 4 विकेट रहा था। वनडे में उन्होंने भारत का प्रतिनिधित्व 25 मैचों में किया जिसमें उन्होंने 32 विकेट लिए और उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 23 रन देकर 4 विकेट रहा। उन्होंने भारत के लिए 7 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले जिसमें उन्होंने 4 विकेट लिए और 13 रन देकर 2 विकेट उनका बेस्ट प्रदर्शन था। उन्होंने अपने करियर में 297 टी20 मैच खेले जिमसें उनके नाम पर 319 विकेट हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here