नई दिल्ली: हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन ने 2025-26 रणजी ट्रॉफी सीज़न के पहले तीन मुकाबलों के लिए 15 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। यह तीन मैच दिल्ली, पुडुचेरी और हिमाचल प्रदेश के खिलाफ खेले जाएंगे। टीम की कप्तानी युवा और प्रतिभाशाली बल्लेबाज तिलक वर्मा को सौंपी गई है, जिन्होंने हाल के वर्षों में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन किया है। उनके साथ उप-कप्तान की भूमिका में राहुल सिंह नजर आएंगे, जो टीम को संतुलन और अनुभव प्रदान करेंगे।
तिलक वर्मा ने हाल की में एशिया कप 2025 के फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ अर्धशतकीय पारी खेलकर भारत को 9वीं बार चैंपियन बनाने में बड़ी भूमिका निभाई थी। इसके बाद तिलक वर्मा इंडिया ए के लिए ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ दूसरे और तीसरे वनडे में खेले थे। इस सीरीज के बाद वो अब 15 अक्टूबर से एक्शन में नजर आएंगे और अपनी टीम को चैंपियन बनाने पर उनकी नजर होगी।
रोहित और राहुल को मिला टीम में मौका
रणजी सीजन के लिए हैदराबाद की टीम में युवा और अनुभवी खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। बल्लेबाजी विभाग की बात करें तो टीम में रोहित रायुडू, तन्मय अग्रवाल, सीवी मिलिंद और अभिरथ रेड्डी जैसे खिलाड़ी मौजूद हैं तो वहीं गेंदबाजी डिपार्टमेंट में वरुण गौड़, तनय त्यागराजन, पुन्नैया, और कार्तिकेय काक जैसे खिलाड़ी हैं। विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी अली काची डायमंड और राहुल रादेश को सौंपी गई है। टीम के साथ पांच स्टैंडबाय खिलाड़ियों को भी चुना गया है, जिनमें पी. नितीश रेड्डी, साई प्रज्ञय रेड्डी, रक्षन्न रेड्डी, नितेश कनाला, और मिखिल जायसवाल शामिल हैं।
रणजी ट्रॉफी 2025-26 के लिए हैदराबाद की टीम
तिलक वर्मा (कप्तान), राहुल सिंह, सी.वी. मिलिंद, तन्मय अग्रवाल, एम. अभिरथ रेड्डी, हिमतेजा, वरुण गौड़, तनय त्यागराजन, रोहित रायुडू, सरनु निशांत, पुन्नैया, अनिकेत रेड्डी, कार्तिकेय काक, अली काची डायमंड (विकेटकीपर), राहुल रादेश (विकेटकीपर)।
स्टैंडबाय: पी. नितीश रेड्डी, साई प्रग्नय रेड्डी, रक्षण रेड्डी, नितेश कनाला, मिखिल जयसवाल।


