अभिषेक ने तोड़ा रोहित का बड़ा रिकॉर्ड, यानसेन के ओवर में बनाए 20 रन

0

नई दिल्ली : अभिषेक शर्मा ने आईपीएल 2026 के 49वें मुकाबले में पंजाब किंग्स के खिलाफ बेहद आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की। हालांकि वह बड़ी पारी नहीं खेल सके, लेकिन अपनी छोटी और विस्फोटक पारी से मैच में असर जरूर छोड़ गए। अभिषेक ने सिर्फ 13 गेंदों में 35 रन बनाए, जिसमें 4 छक्के और 2 चौके शामिल रहे। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 269.23 का रहा। अपनी पारी में उन्होंने पंजाब किंग्स के ऑलराउंडर मार्को यानसेन के एक ओवर में 20 रन बटोरते हुए रोहित शर्मा का एक बड़ा रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया।

रोहित शर्मा का खास रिकॉर्ड अब अभिषेक के नाम

पंजाब किंग्स के खिलाफ मुकाबले में अभिषेक शर्मा ने मार्को यानसेन के एक ओवर में जमकर रन बटोरे और कुल 20 रन हासिल किए। यानसेन पारी का दूसरा ओवर लेकर आए थे, लेकिन अभिषेक ने उन पर शुरुआत से दबाव बना दिया। ओवर की दूसरी गेंद पर उन्होंने लंबा छक्का लगाया, फिर अगली गेंद को चौके के लिए भेजा। चौथी गेंद पर एक और छक्का जड़ने के बाद आखिरी गेंद पर चौका लगाकर ओवर को पूरी तरह अपने नाम कर लिया। इस आक्रामक बल्लेबाजी की बदौलत अभिषेक शर्मा ने रोहित शर्मा का बड़ा रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया।

आईपीएल इतिहास में यह 10वां मौका था जब अभिषेक शर्मा ने किसी एक ओवर में 20 या उससे ज्यादा रन बनाए। इसी के साथ वह आईपीएल में एक ओवर में 20+ रन सबसे ज्यादा बार बनाने वाले भारतीय बल्लेबाजों की सूची में महेंद्र सिंह धोनी के साथ संयुक्त रूप से पहले स्थान पर पहुंच गए हैं। धोनी ने भी अपने आईपीएल करियर में यह उपलब्धि 10 बार हासिल की थी। अभिषेक ने इस मामले में रोहित शर्मा को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने आईपीएल में 9 बार एक ओवर में 20 या उससे ज्यादा रन बनाए थे। वहीं इस सूची में ऋषभ पंत तीसरे स्थान पर हैं, जिन्होंने ऐसा 8 बार किया है।

IPL में एक ओवर में सबसे ज्यादा 20+ रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज

10 – एमएस धोनी
10 – अभिषेक शर्मा
9 – रोहित शर्मा
8 – ऋषभ पंत
7- हार्दिक पंड्या
7- सूर्यकुमार यादव
7- केएल राहुल

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here