RCB के खिलाफ मुकाबले में रोहित संभाल सकते हैं मुंबई की कमान, हार्दिक-सूर्यकुमार पर संशय

0

नई दिल्ली : आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन अब तक उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा है और टीम प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए संघर्ष करती नजर आ रही है। मुंबई ने इस सीजन में अब तक 10 मुकाबले खेले हैं, जिनमें उसे सिर्फ 3 मैचों में जीत मिली, जबकि 7 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा। 6 अंकों के साथ टीम फिलहाल अंकतालिका में 9वें स्थान पर मौजूद है। अब मुंबई इंडियंस को अपना अगला मुकाबला रायपुर में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ खेलना है, लेकिन इस मैच से पहले कप्तानी को लेकर स्थिति साफ नहीं है, जिससे टीम की चिंताएं और बढ़ गई हैं।

रायपुर दौरे से हार्दिक पंड्या रहे दूर

मुंबई को अपना अगला लीग मैच यानी 11वां मैच 10 मई को रायपुर में आरसीबी के खिलाफ खेलना है जिसके लिए मुंबई की टीम वहां पहुंच गई, लेकिन टीम के नियमित कप्तान हार्दिक पंड्या टीम के साथ रायपुर नहीं पहुंचे। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार हार्दिक पंड्या को पीठ की परेशानी है जिसकी वजह से वो टीम के साथ वहां नहीं पहुंचे यानी वो अगला मैच शायद नहीं खेलेंगे। वैसे पिछले मैच में भी हार्दिक नहीं खेले थे और उनकी जगह टीम की कप्तानी सूर्यकुमार यादव ने की थी।

क्या खेल पाएंगे सूर्यकुमार यादव?

मुंबई ने अपना आखिरी लीग मैच यानी 10वां मैच सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ खेला था जिसमें इस टीम को 6 विकेट से जीत मिली थी, लेकिन मीडिया रिपोर्ट के अनुसार आरसीबी के खिलाफ सूर्यकुमार यादव व्यक्तिगत कारणों से नहीं खेल सकते हैं। अब सवाल ये है कि अगर हार्दिक नहीं हैं और अब सूर्यकुमार यादव भी नहीं हैं तो मुंबई की कप्तानी आरसीबी के खिलाफ कौन करेगा इस पर सबकी निगाहें टिकी हुई है।

कप्तानी को लेकर रोहित शर्मा पर टिकी नजरें

अगर हार्दिक पंड्या और सूर्यकुमार यादव अगले मुकाबले में उपलब्ध नहीं रहते हैं, तो मुंबई इंडियंस की कप्तानी रोहित शर्मा संभाल सकते हैं। हालांकि जिस तरीके से उन्हें पहले कप्तानी से हटाया गया था, उसे देखते हुए यह आसान संभावना नहीं लगती। लेकिन टीम मैनेजमेंट अगर उनसे जिम्मेदारी लेने का अनुरोध करता है, तो रोहित एक बार फिर कप्तान की भूमिका में नजर आ सकते हैं। मौजूदा परिस्थितियों में रोहित के अलावा ऐसा कोई अनुभवी खिलाड़ी दिखाई नहीं देता जो टीम को बेहतर ढंग से संभाल सके। मुंबई के पास जसप्रीत बुमराह और तिलक वर्मा जैसे विकल्प जरूर मौजूद हैं, लेकिन रोहित की मौजूदगी में शायद टीम मैनेजमेंट पहले उन्हीं पर भरोसा जताना चाहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here