नई दिल्ली : भारत ने अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज के पहले दोनों मुकाबले जीतकर 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है। ऐसे में तीसरे टी20 में टीम इंडिया के पास अपनी बेंच स्ट्रेंथ को आजमाने का अच्छा मौका है। भारतीय टी20 टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर ने भी संकेत दिए हैं कि सीरीज पर कब्जा होने के बाद तीसरे मुकाबले में अब तक बाहर बैठे खिलाड़ियों को मौका दिया जा सकता है। ऐसे में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के भी प्लेइंग इलेवन में शामिल होने की संभावना बढ़ गई है।
तीसरे टी20 में संजू-वैभव कर सकते हैं ओपनिंग, भारत की नजर क्लीन स्वीप पर
तीसरे मैच में अगर वैभव को मौका दिया जाता है तो अभिषेक शर्मा या फिर संजू सैमसन में से किसी एक को बाहर किया जा सकता है। वैसे भारत की तरफ से अब तक संजू और अभिषेक ने कई मैचों में ओपन किया है, लेकिन संजू और वैभव की जोड़ी को बतौर ओपनर एक बार भी नहीं आजमाया गया है। ऐसे में तीसरे मैच में इस जोड़ी को आजमाया जा सकता है और इससे भारत के लेफ्ट-राइट कांबिनेशन पर भी कोई असर नहीं पड़ेगा। अभिषेक लय में हैं और अगर उन्हें एक मैच में आराम दिया जाता है तो इससे कोई फर्क नहीं पड़ेगा।
तीसरे टी20 में यश ठाकुर की हो सकती है वापसी
अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए हर्षित राणा की जगह भारतीय टीम में यश ठाकुर को शामिल किया गया था और पहले दो मैचों में वो बेंच पर ही बैठे रहे ऐसे में उन्हें भी तीसरे मैच में आजमाया जा सकता है। अगर यश आते हैं तो फिर अर्शदीप सिंह को बाहर किया जा सकता है और तेज गेंदबाजी की अगुआई जसप्रीत बुमराह के हाथों में ही रहेगी। यानी भारत तीसरे मैच के लिए अपनी प्लेइंग इलेवन में दो बदलाव कर सकता है। हालांकि इंजरी से उबरने के बाद वाशिंगटन सुंदर ने भी कोई मैच नहीं खेला है ऐसे में उन पर भी नजर रहेगी कि उन्हें मौका मिल सकता है या नहीं।
अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे टी20 मैच के लिए भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन
वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन, इशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, नितीश कुमार रेड्डी, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह/यश दुबे, जसप्रीत बुमराह।


