नई दिल्ली : इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2027 के ऑक्शन से पहले मंगलवार (17 नवंबर) को सभी 10 फ्रेंचाइजी ने अपने रिटेन और रिलीज किए गए खिलाड़ियों की सूची जारी कर दी। हालांकि, रिटेंशन प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी टीमों के बीच खिलाड़ियों का ट्रेड जारी रह सकता है। आईपीएल की ट्रेड विंडो ऑक्शन से एक सप्ताह पहले यानी 9 दिसंबर तक खुली रहेगी।
इस दौरान फ्रेंचाइजी खिलाड़ियों की अदला-बदली कर अपनी टीम का संयोजन मजबूत कर सकती हैं। आईपीएल फ्रेंचाइजियों को नीलामी से पहले और ट्रेड करने और अपनी टीमों को फिर से तैयार करने के लिए तीन हफ्ते से ज्यादा का समय है। आईपीएल 2027 का ऑक्शन 16 दिसंबर को गोवा में होना है। यह मिनी ऑक्शन होगा। ऑक्शन के बाद भी खिलाड़ियों का ट्रे़ड हो सकता है।
रिटेंशन के बाद भी ट्रेड का मौका, 9 दिसंबर तक बदल सकेंगी फ्रेंचाइजी अपना टीम संयोजन
आईपीएल 2027 सीजन के लिए पहली ट्रेडिंग विंडो 9 दिसंबर 2026 तक खुली रहेगी। इस दौरान लीग के नियमों और मंजूरी की प्रक्रिया का पालन करते हुए फ्रेंचाइची खिलाड़ी-के-बदले-खिलाड़ी (प्लेयर-फॉर-प्लेयर एक्सचेंज) या पूरी तरह से नकद (ऑल-कैश) ट्रांसफर कर सकती हैं। यह विंडो आईपीएल 2026 के खत्म होने के बाद खुली है और अगले सीजन के मिनी-ऑक्शन से एक हफ्ते पहले बंद हो जाएगी।
ऑक्शन के बाद टीमों में हो सकते हैं बड़े बदलाव, फिर खुलेगी खिलाड़ियों की ट्रेड विंडो
17 नवंबर की रिटेंशन डेडलाइन का मतलब यह नहीं है कि इसके बाद खिलाड़ियों का ट्रेड नहीं हो सकता। रिटेंशन और रिलीज से जुड़े फैसले सार्वजनिक हो जाने के बाद भी टीमें अपने खिलाड़ियों के लिए दूसरी फ्रेंचाइजियों से संपर्क कर सकती हैं। आईपीएल में एक दूसरी ट्रेडिंग विंडो होती है, जो मिनी-ऑक्शन के एक दिन बाद 17 दिसंबर को खुलती है।
सीजन शुरू होने से एक महीने पहले तक खिलाड़ी बदल सकेंगी फ्रेंचाइजी
इस विंडो के जरिए फ्रेंचाइजी उन खिलाड़ियों की ट्रेडिंग कर सकती हैं, जो पहले से ही किसी आईपीएल टीम के साथ अनुबंधित (contracted) हैं। यह विंडो आईपीएल 2027 शुरू होने से 30 दिन पहले तक खुली रहेगी। हालांकि, इसमें एक अहम पाबंदी है। 16 दिसंबर के ऑक्शन में खरीदे गए खिलाड़ियों को 2027 सीजन के लिए किसी दूसरी फ्रेंचाइजी को ट्रेड नहीं किया जा सकता।


