आईपीएल से विदाई पर धोनी का भावुक संदेश, बोले—फैंस ने मुझे गलत साबित किया

0

नई दिल्ली : जिस क्रिकेटर को फैंस ने हमेशा मैदान पर आखिरी दम तक मुकाबला करते देखा, उसी महेंद्र सिंह धोनी को विदाई के मौके पर अपने चाहने वालों के सामने एक खास बात स्वीकार करनी पड़ी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) से संन्यास के बाद धोनी ने एक भावुक वीडियो साझा किया है। इसके साथ लिखे उनके कैप्शन ने फैंस को उनके अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास के समय की यादें ताजा करा दीं।

15 अगस्त 2020 को ‘मैं पल दो पल का शायर हूं’ गाने के साथ क्रिकेट को अलविदा कहने वाले एमएस धोनी ने इस बार ‘मैं हर एक पल का शायर हूं’ गाना चुना। आखिर छह साल बाद धोनी को अपनी कौन-सी गलती स्वीकार करनी पड़ी? एमएस धोनी के इस वीडियो पर फैंस ने भी जमकर प्यार लुटाया है। इंस्टाग्राम पर इसे 11.6 करोड़ से ज्यादा बार देखा जा चुका है।

इंटरनेट पर धोनी के वीडियो ने तोड़े रिकॉर्ड, फैंस ने जमकर बरसाया प्यार

एमएस धोनी के इस विदाई वीडियो को लेकर फैंस की दीवानगी का अंदाजा इसके आंकड़ों से ही लगाया जा सकता है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इंस्टाग्राम पर शेयर किये गए इस वीडियो पर अब तक 11.6 करोड़ से ज्यादा व्यूज आ चुके हैं। फैंस ने इस पर 1.2 करोड़ लाइक्स की बारिश की है। इसके अलावा 10 लाख से ज्यादा कमेंट्स के जरिये लोगों ने अपने चहेते ‘थाला’ को विदाई संदेश दिए हैं। एमएस धोनी के इस वीडियो को 13 लाख से ज्यादा बार शेयर किया जा चुका है। ये आंकड़े साबित करते हैं कि एमएस धोनी का जादू मैदान के बाहर भी सिर चढ़कर बोलता है।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ धोनी का वीडियो

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इस वीडियो में एमएस धोनी के शानदार क्रिकेटिंग सफर की अनगिनत खूबसूरत यादों को पिरोया गया है। टीम इंडिया की नीली जर्सी से लेकर चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के पीले समंदर तक, यह मोंटाज उनके सुनहरे करियर की एक परफेक्ट झलक है। वीडियो में एमएस धोनी को आईपीएल की चमचमाती ट्रॉफी उठाते, स्टेडियम में फैंस का अभिवादन करते और साथी खिलाड़ियों (जैसे विराट कोहली और रविंद्र जडेजा) के साथ जश्न मनाते और मुस्कुराते हुए देखा जा सकता है। बैकग्राउंड में बजता 1976 की फिल्म ‘कभी-कभी’ का मशहूर गीत ‘मैं हर एक पल का शायर हूं’ इस पूरे वीडियो को और भी ज्यादा भावुक बना देता है।

धोनी का अनोखा अंदाज—‘पल दो पल’ की गलती और ‘हर एक पल’ का अहसास

इस वीडियो से भी ज्यादा गहरी बात धोनी द्वारा लिखे गए कैप्शन में छिपी है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार एमएस धोनी ने लिखा, ‘‘फैंस ने मुझे गलत साबित कर दिया, इसे स्वीकार करने के लिए इससे बेहतरीन कोई और गाना नहीं हो सकता। शायद इसके दो वर्जन इसीलिए बनाए गए थे ताकि मैं वह गलती कर पाऊं और फिर उसे स्वीकार करूं।’’ एमएस धोनी के इस कैप्शन का सीधा कनेक्शन उनके अंतरराष्ट्रीय संन्यास से है। याद करें 15 अगस्त 2020 का वह दिन, जब एमएस धोनी ने इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कहते हुए ‘मैं पल दो पल का शायर हूं’ गाना शेयर किया था।

उस वक्त एमएस धोनी ने यह जताना चाहा था कि उनका दौर केवल कुछ पलों का है और वह बस एक गुजरता हुआ हिस्सा हैं, लेकिन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास के बाद भी IPL में फैंस ने उन पर जो बेपनाह प्यार लुटाया, उसने उनको यह अहसास दिलाया कि उनका वह सोचना एक ‘गलती’ थी। इसी गलती को स्वीकारते हुए एमएस धोनी अब इस गाने का दूसरा वर्जन, ‘मैं हर एक पल का शायर हूं’ चुना है। एमएस धोनी ने दुनिया को यह बता दिया है कि थाला और उनके फैंस का यह रिश्ता महज ‘पल दो पल’ का नहीं, बल्कि ‘हर एक पल’ का है। एमएस धोनी भले ही अब क्रिकेट के मैदान पर खेलते हुए नजर न आएं, लेकिन उनका यह विदाई संदेश और उनके फैंस का यह प्यार हमेशा के लिए इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here