नई दिल्ली: प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में भारत द्वारा 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स (CWG) की मेजबानी के लिए बोली लगाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। सरकार ने अहमदाबाद को इस आयोजन के लिए ‘आदर्श शहर’ बताते हुए कहा कि यहां विश्वस्तरीय स्टेडियम, अत्याधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं और खेलों के प्रति उत्साही माहौल मौजूद है।
यह निर्णय ऐसे समय आया है जब कुछ ही दिन पहले भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) ने ‘एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट’ जमा करने के बाद भारत की इस बोली को मंजूरी दी थी। प्रेस इंफॉर्मेशन ब्यूरो की विज्ञप्ति में कहा गया, ‘प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाली केंद्रीय कैबिनेट ने युवा मामले और खेल मंत्रालय के उस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है, जिसमें भारत की ओर से 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी के लिए बोली लगाने की अनुमति मांगी गई थी।’
अगर यह बोली स्वीकार कर ली जाती है तो केंद्रीय कैबिनेट ने होस्ट कोलैबोरेशन एग्रीमेंट (HCA) पर हस्ताक्षर करने, संबंधित मंत्रालयों और विभागों से आवश्यक गारंटियां उपलब्ध कराने और गुजरात सरकार को ग्रांट-इन-एड देने की भी मंजूरी दी है। 2030 राष्ट्रमंडल खेलों की बोली लगाने की अंतिम तारीख 31 अगस्त है, और बताया जा रहा है कि भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) अगले 48 घंटों के भीतर सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर देगा। अगर यह बोली सफल रहती है, तो भारत दूसरी बार कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी करेगा। इससे पहले 2010 में नई दिल्ली में इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का आयोजन किया गया था।


