नई दिल्ली: भारतीय निशानेबाज अनीष भानवाला ने बुधवार को एशियाई निशानेबाजी चैंपियनशिप में पुरुष 25 मीटर रेपिड फायर पिस्टल स्पर्धा में रजत पदक जीता। 22 वर्षीय अनीष स्वर्ण पदक की दौड़ में मात्र एक अंक से चूक गए, उन्होंने 35 अंक हासिल किए, जबकि स्वर्ण पदक विजेता चीन के शु लियानबोफान ने 36 अंक जुटाए। कांस्य पदक कोरिया के ली जेइकयून के नाम रहा। शुरुआती चार सीरीज के बाद अनीष एक अंक से आगे चल रहे थे, लेकिन अंतिम चरण में पिछड़ गए। इसके अलावा, मंगलवार को ओलंपियन सिफत कौर सामरा ने महिला 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशंस में व्यक्तिगत स्वर्ण पदक जीतकर देश को टीम खिताब भी दिलाया। भारत ने प्रतियोगिता में अब तक कुल 72 पदक हासिल किए हैं, जिसमें जूनियर स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन की बदौलत 39 स्वर्ण पदक शामिल हैं।


