सेंट लुई (अमेरिका): ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञानंद ने सिंकफील्ड कप के आठवें दौर में अमेरिका के वेस्ली सो के खिलाफ ड्रॉ खेलकर ग्रैंड चेस टूर में ओवरऑल शीर्ष चार में जगह बनाने की दावेदारी बरकरार रखी। वहीं, गत विश्व चैंपियन डी गुकेश ने अमेरिका के लेवोन अरोनियन के खिलाफ ड्रॉ खेला, लेकिन वह 10 खिलाड़ियों की इस राउंड-रॉबिन प्रतियोगिता में खिताब की दौड़ से बाहर हो गए।
फ्रांस के मैक्सिम वाचियेर-लाग्रेव ने सफेद मोहरों से खेलते हुए अमेरिका के फाबियानो करुआना को बराबरी पर रोका। करुआना ने पहले स्थान पर होने के कारण ग्रैंड फिनाले में जगह बना ली है, फिर अंतिम दौर की बाजी का नतीजा चाहे कुछ भी रहे। ग्रैंड चेस टूर की तालिका में शीर्ष चार में रहने वाले खिलाड़ी भी फाइनल्स के लिए क्वालीफाई करेंगे जिसका आयोजन ब्राजील के साओ पाउलो में किया जाएगा।
वाचियेर-लाग्रेव के अलावा अरोनियन, करुआना और प्रज्ञानंद फाइनल में जगह बनाने के प्रबल दावेदार बने हुए हैं। आठवें दौर के बाद प्रज्ञानंद और करुआना 5.5 अंक के साथ शीर्ष पर हैं। इनके आधे अंक पीछे वेस्ली सो और अरोनियन हैं, जबकि उनसे आधा अंक पीछे अमेरिका के सैमुअल सेवियन, पोलैंड के यान-क्रिस्टोफ डुडा और वाचियेर-लाग्रेव हैं। डी गुकेश 3.5 अंक के साथ तालिका में आठवें स्थान पर हैं, जिनके बाद फ्रांस के अलीरेजा फिरोजा (3 अंक) और उज्बेकिस्तान के नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव (2.5 अंक) हैं।


