NST NEWS, इंदौर। आदित्य बिड़ला ग्रुप मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग (एमपीएल) टी20 सिंधिया कप 2026 में होलकर स्टेडियम में क्रिकेट प्रेमियों को रन वर्षा से भरपूर मुकाबला देखने को मिला। चंबल घड़ियाल्स ने 258 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए ग्वालियर चीता्स को 3 विकेट से हराकर टूर्नामेंट की सबसे रोमांचक जीतों में से एक दर्ज की। चंबल ने 19.3 ओवर में 7 विकेट पर 258 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम किया।
ग्वालियर चीता्स ने खड़ा किया 257 रन का पहाड़
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ग्वालियर चीता्स ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 257 रन का विशाल स्कोर बनाया। टीम की शुरुआत तेज रही और पार्थ चौधरी ने 38 गेंदों में 73 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 6 छक्के शामिल रहे। इसके बाद कुलदीप गेही ने महज 42 गेंदों में 88 रन ठोक दिए। उनकी पारी में 4 चौके और 9 छक्के शामिल रहे। कप्तान रजत पाटीदार ने भी अपने अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए केवल 16 गेंदों पर 46 रन बनाए, जिसमें 2 चौके और 4 छक्के शामिल थे। मंगेश यादव ने 8 गेंदों पर 21 रन बनाकर अंतिम ओवरों में तेजी दिखाई। चंबल की ओर से त्रिपुरेश सिंह ने 4 ओवर में 48 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि आवेश खान ने 2 विकेट झटके। मयूर सिंह पटेल को एक सफलता मिली।
अंकुश सिंह ने खेली यादगार पारी
258 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी चंबल घड़ियाल्स को कप्तान शुभम शर्मा के रूप में शुरुआती झटका लगा, लेकिन इसके बाद अंकुश सिंह ने मैच का रुख बदल दिया। उन्होंने केवल 33 गेंदों में 101 रन की विस्फोटक पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से 6 चौके और 11 गगनचुंबी छक्के निकले। उनका स्ट्राइक रेट 306.06 रहा। अपूर्व द्विवेदी ने 14 गेंदों में 27 रन बनाए, जबकि त्रिपुरेश सिंह ने 6 गेंदों में 14 रन की तेज पारी खेली।
अमन भदौरिया ने दिलाई जीत
अंकुश के आउट होने के बाद भी चंबल की रनगति नहीं रुकी। अमन भदौरिया ने 28 गेंदों में नाबाद 60 रन की मैच जिताऊ पारी खेली, जिसमें 3 चौके और 6 छक्के शामिल रहे। अंत में मयूर सिंह पटेल ने 10 गेंदों पर नाबाद 16 रन बनाकर टीम को जीत की मंजिल तक पहुंचाया। ग्वालियर की ओर से साउमी पांडे और ईशान अफरीदी ने 2-2 विकेट लिए, जबकि अनुभव अग्रवाल और आकाश रघुवंशी को 1-1 विकेट मिला।
दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन
ग्वालियर चीता्स:
कार्तिक परिहार, पार्थ चौधरी, साउमी पांडे, कुलदीप गेही, रजत पाटीदार (कप्तान), विकास शर्मा (विकेटकीपर), अर्पित पटेल, मंगेश यादव, ईशान अफरीदी, आकाश रघुवंशी, अनुभव अग्रवाल।
चंबल घड़ियाल्स:
अंकुश सिंह, अपूर्व द्विवेदी (विकेटकीपर), शुभम शर्मा (कप्तान), गौतम रघुवंशी, त्रिपुरेश सिंह, रोहित कुमार गुप्ता, अमन भदौरिया, मयूर सिंह पटेल, आवेश खान, हर्ष दीक्षित, संदीप सिंह।
मैच के प्रमुख प्रदर्शन
- अंकुश सिंह (चंबल) – 101 रन (33 गेंद, 6 चौके, 11 छक्के)
- अमन भदौरिया (चंबल) – नाबाद 60 रन (28 गेंद)
- कुलदीप गेही (ग्वालियर) – 88 रन (42 गेंद)
- पार्थ चौधरी (ग्वालियर) – 73 रन (38 गेंद)
- रजत पाटीदार (ग्वालियर) – 46 रन (16 गेंद)
- त्रिपुरेश सिंह (चंबल) – 3 विकेट
- साउमी पांडे (ग्वालियर) – 2 विकेट
- ईशान अफरीदी (ग्वालियर) – 2 विकेट
258 रन के सफल लक्ष्य का पीछा कर चंबल घड़ियाल्स ने न सिर्फ शानदार जीत दर्ज की, बल्कि एमपीएल 2026 के सबसे यादगार मुकाबलों में अपना नाम भी दर्ज करा दिया।


