इंदौर पिंक पैंथर्स की दमदार जीत, बुंदेलखंड बुल्स को 25 रन से हराया

0

NST NEWS, इंदौर। आदित्य बिड़ला ग्रुप मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग (एमपीएल) टी20 2026 में इंदौर पिंक पैंथर्स ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए बुंदेलखंड बुल्स को 25 रन से पराजित कर महत्वपूर्ण जीत दर्ज की। होलकर स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में पिंक पैंथर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट पर 172 रन बनाए, जिसके जवाब में बुंदेलखंड बुल्स की टीम 20 ओवर में 147 रन पर सिमट गई। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी बुंदेलखंड बुल्स को शुरुआत में सफलता मिली, लेकिन कप्तान वेंकटेश अय्यर और शुभम राठौर ने पारी को संभाल लिया। अथर्व जोशी ने 18 रन, मेहफूज पटेल ने 11 रन और सिद्धार्थ पाटीदार ने 22 गेंदों में 28 रन का योगदान दिया।कप्तान वेंकटेश अय्यर ने 21 गेंदों पर 32 रन की उपयोगी पारी खेली। इसके बाद शुभम राठौर ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 19 गेंदों में नाबाद 42 रन बनाए, जिसमें दो चौके और चार छक्के शामिल थे। अंतिम ओवरों में विष्णु भारद्वाज ने केवल 4 गेंदों में नाबाद 12 रन बनाकर टीम को 172 रन तक पहुंचाया।

बुंदेलखंड बुल्स की ओर से कुलदीप सेन सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 4 ओवर में 29 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। हर्षित परसाई ने 2 विकेट लिए, जबकि विक्रांत भदौरिया को 1 सफलता मिली। 173 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बुंदेलखंड बुल्स की शुरुआत तेज रही। कप्तान अभिषेक पाठक ने 16 गेंदों में 29 रन और हर्ष गावली ने 13 गेंदों में 17 रन बनाए। दोनों ने पहले विकेट के लिए 47 रन जोड़कर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। हालांकि लगातार विकेट गिरने से टीम दबाव में आ गई। पार्थ गोस्वामी ने 16 रन, विक्रांत भदौरिया ने 10 रन और भुमेश मुजाल्दा ने 14 रन का योगदान दिया। मध्यक्रम में रुद्रांश सिंह ने संघर्ष करते हुए 27 गेंदों में 37 रन बनाए, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से पर्याप्त सहयोग नहीं मिला।

इंदौर पिंक पैंथर्स के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। शिवम शुक्ला ने 4 ओवर में 38 रन देकर 3 विकेट झटके। कप्तान वेंकटेश अय्यर ने भी गेंद से कमाल दिखाते हुए 2 ओवर में 18 रन देकर 3 विकेट लिए। आयाम वर्मा ने 2 विकेट, जबकि विष्णु भारद्वाज और अन्वेष चावला ने 1-1 विकेट हासिल किया। इस जीत के साथ इंदौर पिंक पैंथर्स ने अंक तालिका में अपनी स्थिति मजबूत कर ली, जबकि बुंदेलखंड बुल्स को टूर्नामेंट में एक और हार का सामना करना पड़ा।

प्लेयर ऑफ द मैच शुभम राठौर

इंदौर पिंक पैंथर्स की जीत के नायक रहे शुभम राठौर को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। राठौर ने दबाव के समय बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए महज 19 गेंदों में नाबाद 42 रन बनाए। उनकी पारी में 2 चौके और 4 शानदार छक्के शामिल रहे। अंतिम ओवरों में उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी की बदौलत इंदौर पिंक पैंथर्स 172 रन के प्रतिस्पर्धी स्कोर तक पहुंचने में सफल रही।

इंदौर पिंक पैंथर्स टीम:
अथर्व जोशी (विकेटकीपर), सिद्धार्थ पाटीदार, अन्वेष चावला, वेंकटेश अय्यर (कप्तान), मेहफूज पटेल, सारांश सुराना, आयाम वर्मा, शुभम राठौर, शिवम शुक्ला, विष्णु भारद्वाज, रोशन केवट।

बुंदेलखंड बुल्स टीम:
अभिषेक पाठक (कप्तान), हर्ष गावली (विकेटकीपर), शिवांग कुमार, पार्थ गोस्वामी, विक्रांत भदौरिया, भुमेश मुजाल्दा, गौतम जोशी, हर्षित परसाई, रुद्रांश सिंह, अनंत दुबे, कुलदीप सेन।

मैच के प्रमुख प्रदर्शन:

  • शुभम राठौर (इंदौर) – नाबाद 42 रन (19 गेंद)
  • वेंकटेश अय्यर (इंदौर) – 32 रन और 3 विकेट
  • सिद्धार्थ पाटीदार (इंदौर) – 28 रन
  • कुलदीप सेन (बुंदेलखंड) – 3 विकेट
  • रुद्रांश सिंह (बुंदेलखंड) – 37 रन
  • शिवम शुक्ला (इंदौर) – 3 विकेट
  • आयाम वर्मा (इंदौर) – 2 विकेट

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here