NST NEWS, ग्वालियर। मध्य प्रदेश के लिए गर्व की बात है कि ग्वालियर के युवा क्रिकेटर यशवर्धन सिंह चौहान को श्रीलंका दौरे के लिए भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है। यशवर्धन को वनडे और मल्टी-डे दोनों प्रारूपों की टीमों की कमान सौंपी गई है। यशवर्धन सिंह चौहान ग्वालियर के सिंधिया स्कूल के छात्र हैं और पिछले कुछ वर्षों से जूनियर क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। उनकी बल्लेबाजी, नेतृत्व क्षमता और मैच की परिस्थितियों को समझने की योग्यता को देखते हुए चयनकर्ताओं ने उन पर भरोसा जताया है। श्रीलंका दौरे पर भारतीय अंडर-19 टीम कई मुकाबले खेलेगी, जो युवा खिलाड़ियों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अनुभव हासिल करने का महत्वपूर्ण अवसर होगा। यशवर्धन के कप्तान बनने से मध्य प्रदेश के क्रिकेट जगत में खुशी की लहर है। खेल प्रेमियों और क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि उनकी कप्तानी में भारतीय टीम शानदार प्रदर्शन करेगी।


