शराब पीकर गाड़ी चलाने का दोष स्वीकारने वाले डेविड वॉर्नर, कप्तानी पर मंडराए संकट के बादल

0

सिडनी। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर ने शराब पीकर वाहन चलाने (ड्रिंक-ड्राइविंग) के मामले में अदालत में अपना दोष स्वीकार कर लिया है। इस घटनाक्रम के बाद बिग बैश लीग (BBL) फ्रेंचाइजी सिडनी थंडर की कप्तानी पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। वॉर्नर की सजा पर फैसला 18 अगस्त को सुनाया जाएगा। रिपोर्ट के मुताबिक, ईस्टर संडे (5 अप्रैल) को पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) से अवकाश लेकर ऑस्ट्रेलिया लौटे वॉर्नर को सिडनी में पुलिस ने रोका था। शुरुआती जांच के बाद उन्हें मरूब्रा पुलिस स्टेशन ले जाया गया, जहां उनकी ब्लड अल्कोहल रीडिंग 0.104 पाई गई, जो कानूनी सीमा से दोगुने से भी अधिक थी। उनके वकील बॉबी हिल ने बताया कि वॉर्नर ने मित्र के घर पर तीन गिलास वाइन पी थी और इसके बाद कार चलाने का फैसला करना उनकी बड़ी गलती थी। वॉर्नर ने अपने कृत्य पर पछतावा जताते हुए अदालत से नरमी बरतने की अपील की है। इस मामले के बाद सिडनी थंडर में उनकी कप्तानी पर भी संकट के बादल मंडरा रहे हैं। क्रिकेट न्यू साउथ वेल्स (Cricket NSW) के मुख्य कार्यकारी ली जर्मन ने कहा कि संगठन सुरक्षित ड्राइविंग का समर्थन करता है और ड्रिंक-ड्राइविंग को गंभीरता से लेता है। उल्लेखनीय है कि 2018 के बॉल टैंपरिंग विवाद के बाद वॉर्नर पर नेतृत्व पद संभालने पर आजीवन प्रतिबंध लगाया गया था, जिसे 2024 में हटाए जाने के बाद उन्हें सिडनी थंडर का कप्तान बनाया गया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here