नई दिल्ली : एशियन गेम्स 2026 में श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम अपने अभियान की शुरुआत अफगानिस्तान के खिलाफ करेगी। भारत और अफगानिस्तान के बीच यह मुकाबला 28 सितंबर, सोमवार को खेला जाएगा। मैच भारतीय समयानुसार सुबह 10:00 बजे शुरू होगा। दोनों टीमें दूसरे क्वार्टर फाइनल में आमने-सामने होंगी और इस मुकाबले में जीत दर्ज करने वाली टीम सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर लेगी।
अफगानिस्तान से होगा भारत का पहला मुकाबला
एशिया कप 2026 के दूसरे क्वार्टर फाइनल में भारत का सामना ग्रुप ए में दूसरे नंबर पर रहने वाली टीम के साथ फिक्स किया गया था। लीग स्टेज के ग्रुप ए में नेपाल, अफगानिस्तान और जापान की टीम थी जिसमें से अफगानिस्तान ने 2 मैचों में से एक मैच जीता था और एस मैच में उसे हार मिली थी। अफगानिस्तान की टीम ग्रुप ए में 2 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रही जबकि नेपाल की टीम ग्रुप ए में 3 अंक के साथ पहले स्थान पर रही और वो तीसरे क्वार्टर फाइनल में श्रीलंका के खिलाफ 29 सितंबर यानी मंगलवार को मैदान पर उतरेगी।
गोल्ड मेडल के प्रबल दावेदारों में भारत
भारत ने एशियन गेम्स 2026 में अपने पहले मुकाबले से पहले मेजबान जापान के साथ एक फ्रेंडली मैच खेला था। इस मैच में भारत को 2 रन से करीबी जीत मिली थी। बारिश से बाधित इस मैच को 5-5 ओवर का कर दिया गया था। भारतीय टीम की बात की जाए तो वो डिफेंडिंग चैंपियन है और उसे इस बार गोल्ड का प्रबल दावेदार माना जा रहा है। भारत को क्वार्टर फाइनल में अफगानिस्तान से भिड़ना है और भारतीय टीम काफी मजबूत दिख रही है और उसे इस टीम के खिलाफ जीत हासिल करने में परेशानी नहीं होनी चाहिए।
टीवी पर यहां देख सकेंगे भारत-अफगानिस्तान का लाइव मैच
भारत और अफगानिस्तान के बीच का मैच कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क, निशिन में खेला जाएगा और इस मैच का लाइव प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स टेन 1 और सोनी स्पोर्ट्स टेन 3 पर किया जाएगा। वहीं इस मैच की लाइव स्ट्रीमिंग सोनी लिव एप पर की जाएगी। इस मैच की शुरुआत सोमवार को सुबह 10.00 बजे से होगी और टॉस का समय सुबह 9.30 बजे का होगा। एशियन गेम्स 2026 में अफगानिस्तान की कप्तानी दारविश रसूली कर रहे हैं।
एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय टीम
श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), इशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उपकप्तान), नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वैभव सूर्यवंशी, यश ठाकुर।


