नई दिल्ली : एशियन गेम्स के चौथे दिन भारत ने अपने पदकों की संख्या में इजाफा किया है। बुधवार को भारत की झोली में एक रजत सहित कुल पांच पदक आए जिससे उनके कुल पदकों की संख्या 12 पहुंच गई है। भारत को आज निशानेबाजी, सॉफ्ट टेनिस, भारोत्तोलन और बैडमिंटन में पदक मिले। इसके अलावा वुशु में रोशिबिना ने फाइनल में पहुंचकर स्वर्ण पदक की उम्मीद जगाई। पुरुष कबड्डी टीम भी सेमीफाइनल में पहुंची और उन्होंने देश के लिए एक पदक पक्का किया। महिला हॉकी ने दबदबा बरकरार रखते हुए एकतरफा अंदाज में जीत दर्ज की। आइए जानते हैं एशियन गेम्स के चौथे दिन भारत का प्रदर्शन कैसा रहा…
शूटिंग में भारत को 2 पदक, मनु भाकर पदक से चूकीं
भारत ने बुधवार को एशियन गेम्स 2026 में शूटिंग में दो और कांस्य पदक अपने नाम किए। पहले परिनाज धालीवाल, राइजा ढिल्लों और महेश्वरी चौहान की भारतीय तिकड़ी ने महिलाओं की स्कीट टीम स्पर्धा में कांस्य जीता। इसके बाद अनंत जीत सिंह नारूका, मैराज अहमद खान और भवतेघ सिंह गिल की पुरुष टीम ने भी स्कीट में कांस्य पदक अपने नाम किया। महिला स्कीट टीम ने तीन दिन की क्वालिफिकेशन के बाद भारतीय टीम ने कुल 331 अंक हासिल किए और तीसरे स्थान पर रहते हुए कांस्य पदक जीता। भारत की पुरुष स्कीट टीम ने भी कांस्य पदक जीत लिया।
अनंत जीत सिंह नारूका, मैराज अहमद खान और भवतेघ सिंह गिल की भारतीय टीम ने यह पदक अपने नाम किया। दो ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर ने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल के व्यक्तिगत फाइनल में जगह बनाई थी। उन्होंने क्वालिफिकेशन में 579-20x अंक के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। हालांकि, टीम स्पर्धा में मनु भाकर, ईशा सिंह और सुरुछि सिंह की भारतीय टीम कांस्य पदक से चूक गई। इसके अलावा महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल व्यक्तिगत प्रतियोगिता के फाइनल में मनु भाकर पांचवें स्थान पर रहकर एलिमिनेट हो गईं। वह पदक नहीं जीत पाईं। मनु भाकर ने 181.1 का स्कोर बनाया और बाहर हो गईं।
सॉफ्ट टेनिस में जय मीणा का ऐतिहासिक कारनामा
सॉफ्ट टेनिस में जय मीणा ने भारत के लिए ऐतिहासिक पदक जीत लिया। उन्होंने पुरुष एकल के क्वार्टर फाइनल में फिलीपींस के शेरविन नुगुइट को 4-3 से हराया। मुकाबला 3-3 से बराबर था और निर्णायक गेम में जय 3-5 से पीछे चल रहे थे। हालांकि, उन्होंने शानदार वापसी करते हुए लगातार चार अंक जीते और मुकाबला अपने नाम कर लिया। इसके साथ ही वह सेमीफाइनल में पहुंच गए और एशियाई खेलों में सॉफ्ट टेनिस में भारत का पहला पदक पक्का कर दिया था। हालांकि, जय मीणा को चोट के कारण सेमीफाइनल मुकाबले से हटना पड़ा। इसके साथ ही उनका स्वर्ण पदक जीतने का सफर थम गया और उन्हें कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।
मीराबाई की चांदी से 28 साल बाद भारोत्तोलन में पदक
भारत की स्टार भारोत्तोलक मीराबाई चानू ने एशियन गेम्स में इतिहास रच दिया है। उन्होंने महिलाओं की 49 किग्रा स्पर्धा में कुल 198 किग्रा वजन उठाकर रजत पदक अपने नाम किया। यह एशियन गेम्स में मीराबाई का पहला पदक है। इसके साथ ही भारत को भारोत्तोलन में 28 साल बाद एशियन गेम्स का पदक मिला है। मीराबाई ने स्नैच में 83 किग्रा से शुरुआत की और अपने दूसरे प्रयास में 85 किग्रा वजन उठाया। इसके बाद उन्होंने तीसरे प्रयास में 87 किग्रा का सफल लिफ्ट किया। क्लीन एंड जर्क में मीराबाई ने 107 किग्रा के सफल प्रयास के साथ शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने दूसरे प्रयास में 111 किग्रा वजन उठाया। तीसरे प्रयास की जरूरत नहीं पड़ी और उनका कुल स्कोर 198 किग्रा रहा। भारत की एक अन्य भारोत्तोलन ज्ञानेश्वरी यादव पदक लाने से चूक गईं। ज्ञानेश्वरी ने महिला 53 किग्रा भार वर्ग के फाइनल में क्लीन एंड जर्क मिलाकर कुल 195 किलो वजन उठाया। ज्ञानेश्वरी ने स्नैच में 87 किलो और क्लीन एंड जर्क में 108 किलो वजन उठाया। ज्ञानेश्वरी के सभी प्रयास पूरे हो चुके हैं और वह पदक की दौड़ से बाहर हो गईं।
पुरुष बैडमिंटन टीम को मिला कांस्य
भारतीय पुरुष बैडमिंटन टीम को सेमीफाइनल में चीन के हाथों 1-3 से हार का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही पुरुष टीम कांस्य पदक अपने नाम करने में सफल रही। पूरे मैच में चीन का दबदबा देखने मिला और इस तरह भारत को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। भारत ने हांग्झू 2023 एशियन गेम्स में रजत पदक जीता था। तब उसे चीन के हाथों फाइनल में हार मिली थी। भारतीय पुरुष बैडमिंटन टीम ने 40 साल में पहली बार एशियन गेम्स के लगातार दो संस्करणों में पदक अपने नाम किए हैं। इससे पहले पुरुष टीम ने 1982 और 1986 एशियन गेम्स में कांस्य पदक अपने नाम किए थे।
वुशु में स्वर्ण पदक की उम्मीद
भारतीय वुशू खिलाड़ी रोशिबिना देवी नाओरेम ने इंडोनेशिया की थानिया कुसुमानिंगतियास को हराकर एशियन गेम्स में महिलाओं के 60 किलो वर्ग के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। रोशिबिना ने आइची प्रांत मार्शल आर्ट हॉल में यह मुकाबला 2-0 से जीता। अब उनका सामना चीन की शियाओयू झांग से होगा। रोशिबिना ने पिछले दो एशियाई खेलों में एक रजत और एक कांस्य पदक जीता है। उन्हें दिव्यांशी चौधरी के चोट के कारण बाहर होने के बाद टीम में शामिल किया गया था।
अन्य खेलों में क्या रहा हाल?
- भारतीय महिला हॉकी टीम ने एशियन गेम्स के पूल बी मुकाबले में शानदार प्रदर्शन किया। महिला टीम ने थाईलैंड को 20-1 से हराकर अपना दबदबा बरकरार रखा है। एक बार फिर दीपिका ने जोरदार प्रदर्शन किया और मैच में अकेले नौ गोल दागे। दीपिका के सभी गोल पेनल्टी कॉर्नर के जरिये आए। वहीं, नवनीत और ऋतुजा ने हैट्रिक लगाई। थाईलैंड आखिरी समय में मैच में एक गोल दाग सकी।
- भारत ने एशियन गेम्स की कबड्डी स्पर्धा में अपना दबदबा कायम रखा और महिला तथा पुरुष टीमों ने बुधवार को अपने अपने ग्रुप मैच में क्रमश: ईरान और बांग्लादेश को हराया। पुरुष टीम ने सेमीफाइनल में जगह बनाई और भारत के एक और पदक पक्का कर लिया। खिताब की प्रबल दावेदार भारतीय महिला टीम ने 2018 स्वर्ण पदक विजेता ईरान को दूसरे ग्रुप मैच में 37-23 से हराया। पुरुष टीम ने ग्रुप ए के तीसरे मैच में बांग्लादेश को 48-25 से मात दी।
- भारत की पुरुष सेपकटकरा टीम रेगु स्पर्धा के ग्रुप बी के अपने अंतिम मैच में फिलीपींस पर 2-1 से जीत हासिल करने के बावजूद सेमीफाइनल में पहुंचने में असफल रही। रेगु स्पर्धा में तीन खिलाड़ी भाग लेते हैं। भारत को सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें जीवंत रखने के लिए 3-0 से जीत की जरूरत थी, इसलिए 2-1 की जीत पर्याप्त नहीं थी। भारत, जापान और फिलीपींस ने तीन-तीन जीत हासिल कीं, जिसके बाद जापान टाईब्रेक से आगे बढ़ गया।
- अभय सिंह, वीर चोटरानी और तन्वी खन्ना ने एशियन गेम्स की स्क्वाश प्रतियोगिता में अपने-अपने एकल मुकाबलों में आसान जीत दर्ज करके अंतिम 16 में जगह बना ली।
- भारत के अंकुश पंघाल मुक्केबाजी स्पर्धा में सर्वसम्मति से हुए फैसले में जीत के साथ पुरुषों के 80 किलो क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए। पहली बार एशियाई खेलों में उतरे 21 वर्ष के राष्ट्रमंडल खेल स्वर्ण पदक विजेता पंघाल ने बहरीन के हमसा वोगेल को अंतिम 16 में 5-0 से हराया। पिछले साल विश्व मुक्केबाजी कप में रजत पदक जीतने वाले अंकुश अब पदक पक्का करने से एक जीत दूर हैं।
- भारतीय तैराक रोहित बेनेडिक्टन एशियन गेम्स में पुरुषों की 100 मीटर बटरफ्लाय स्पर्धा के फाइनल में प्रवेश करने में नाकाम रहे। रोहित 53. 08 सेकेंड का समय निकालकर अपनी हीट में चौथे और कुल 13वें स्थान पर रहे।
- भारत के गिशो निधि कुमारेशन पद्मा पुरुषों की व्यक्तिगत साबरे स्पर्धा के प्री क्वार्टर फाइनल में कजाकिस्तान के आर्टेम सरकिस्यान से हार गए।
- महिलाओं की व्यक्तिगत फॉइल स्पर्धा में मीना देवी नोरम और आशीथा स्टालिनराज जॉयस राउंड ऑफ 32 में हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गईं।


