IND U19 vs AUS U19: लक्ष्य के शतक से भारत की जीत, ऑस्ट्रेलिया का 3-0 से क्लीन स्वीप

0

नई दिल्ली : भारतीय अंडर-19 टीम ने 3 मैचों की यूथ वनडे सीरीज में ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 का 3-0 से क्लीन स्वीप कर दिया। सीरीज के तीसरे मुकाबले में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 6 विकेट से हराकर जीत दर्ज की। भारतीय टीम के कप्तान लक्ष्य राजेश रायचंदानी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद शतकीय पारी खेली। लक्ष्य ने 110 रन बनाए और अपनी टीम को आसान जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

भारतीय टीम के लिए इस मैच में पिछले मुकाबले के हीरो यशबर्धन चौहान नहीं खेले। इंडिया अंडर 19 टीम के सामने 255 रन का लक्ष्य था। एक समय मैच फंसता दिख रहा था जब भारतीय टीम ने तीसरा और चौथा विकेट जल्दी गंवाया था और तकरीबन 80 रन जीत के लिए चाहिए थे। कप्तान लक्ष्य एक छोर संभाले डटे रहे और अन्वय द्रविड़ की जगह टीम में आए विकेटकीपर बल्लेबाज रजत बघेल ने 34 गेंद पर नाबाद 44 रन बनाते हुए टीम को जीत दिलाई।

लक्ष्य और रजत के बीच पांचवें विकेट के लिए 80 रन की नाबाद साझेदारी हुई। ऑस्ट्रेलियाई टीम ने इस मुकाबले में पहले खेलते हुए 49.3 ओवर में 254 रन बनाए थे और सिमट गई थी। उसके बाद भारतीय टीम ने 41.2 ओवर में 4 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। भारत ने सीरीज का पहला मुकाबला 7 रन और दूसरा 103 रनों से जीता था। अब तीसरे मैच में जीत के साथ भारत ने कंगारुओं का सूपड़ा साफ कर दिया है।

अब यूथ टेस्ट सीरीज में आमने-सामने होंगी दोनों टीमें

ऑस्ट्रेलियाई अंडर 19 टीम अब भारत के इस दौरे पर दो अनौपचारिक चार दिवसीय टेस्ट मैच खेलेगी। पहला मैच 27 सितंबर से 30 सितंबर तक राजकोट के निरंजन शाह स्टेडियम में होगा। वहीं दूसरा मुकाबला 5 से 8 अक्टूबर 2026 तक अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में ग्राउंड बी पर खेला जाएगा।

यूथ टेस्ट सीरीज के लिए दोनों टीमों का स्क्वाड

इंडिया अंडर 19: यशवर्धन चौहान (कप्तान), लक्ष्य रायचंदानी (उपकप्तान), कुश पटेल, अयान अकरम, मानव कृष्णा (विकेटकीपर), प्रणव राघवेंद्र, सागर विर्क, अभिप्राय बिस्वास (विकेटकीपर), प्रियांशु सिंह, कुशाग्र ओझा, रोहित यादव, मोहित उल्वा, मनल चौहान, इशान ओम, आर्यन यादव।

ऑस्ट्रेलिया अंडर 19: केसी बार्टन, हेडन बार्बुलोविक, एली ब्रेन, विल बाइरोम, ब्लेक कैटेल, जैक जोसनेक, स्पेंसर ग्रीन, कोनोर ग्रेगरी, चार्ली हेंडरसन, जेड होल्लिक, मैथ्यू लफ, नील पटेल, जैकब पीट्ज, पैट्रिक सुलिवन, थियो सिंगोस, थॉमस वैसियो।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here