एशियन गेम्स: पुरुष बैडमिंटन टीम को कांस्य, सेमीफाइनल में चीन से मिली हार

0

नई दिल्ली : भारतीय पुरुष बैडमिंटन टीम को सेमीफाइनल में चीन के हाथों 1-3 से हार का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही पुरुष टीम कांस्य पदक अपने नाम करने में सफल रही। एमआर अर्जुन और हरिहरन अमसाकरुनाना को युगल मैच में चीन के जी तिंग ही और यी लुई के हाथों 16-21, 21-17, 9-21 से हार मिली। इसके साथ ही भारत ने सेमीफाइनल मुकाबला गंवाया। पूरे मैच में चीन का दबदबा देखने मिला और इस तरह भारत को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।

सात्विक-चिराग का दमदार प्रदर्शन

भारत ने हांग्झू 2023 एशियन गेम्स में रजत पदक जीता था। तब उसे चीन के हाथों फाइनल में हार मिली थी। भारतीय पुरुष बैडमिंटन टीम ने 40 साल में पहली बार एशियन गेम्स के लगातार दो संस्करणों में पदक अपने नाम किए हैं। इससे पहले पुरुष टीम ने 1982 और 1986 एशियन गेम्स में कांस्य पदक अपने नाम किए थे। चीन के खिलाफ सेमीफाइनल में सिर्फ सात्विकसाईराज रेंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी ही अपना मुकाबला जीत सकी। वहीं, लक्ष्य सेन और आयुष शेट्टी अपने-अपने प्रतिद्वंद्वियों के सामने चुनौती पेश नहीं कर सके।

लक्ष्य सेन अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन से चूके

भारत के सेमीफाइनल तक के सफर के दौरान शानदार प्रदर्शन करने वाले दुनिया के 14वें नंबर के खिलाड़ी लक्ष्य अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं कर सके और पहले एकल मुकाबले में दुनिया के छठे नंबर के खिलाड़ी शी यू कि के खिलाफ 16-21, 18-21 से हार गए जिससे भारत 0-1 से पिछड़ गया। इसके बाद सात्विक और चिराग ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पेरिस ओलंपिक के रजत पदक विजेता और मौजूदा विश्व चैंपियन लियांग वेई केंग और वांग चांग की जोड़ी को 21-11, 22-20 से हराया। पहले युगल मुकाबले में मिली इस जीत से भारत ने पांच मैच के इस मुकाबले में वापसी की और इचिनोमिया सिटी म्यूनिसिपल जिम्नेजियम में सेमीफाइनल को 1-1 से बराबर कर दिया।

आयुष शेट्टी का संघर्ष नहीं आया काम

भारत की उम्मीदें युवा आयुष शेट्टी पर टिकी थीं लेकिन दुनिया के 20वें नंबर के इस खिलाड़ी को दुनिया के 12वें नंबर के ली शी फेंग के खिलाफ दूसरे एकल मैच में 19-21, 13-21 से हार का सामना करना पड़ा जिससे भारत 1-2 से पीछे हो गया। इसके बाद भारत को मुकाबले में बनाए रखने की जिम्मेदारी हरिहरन और एमआर अर्जुन की पुरुष युगल जोड़ी पर थी जिन्हें हे जी टिंग और लियू यी की जोड़ी से भिड़ना था। दुनिया की 25वें नंबर की भारतीय जोड़ी को कड़ी चुनौती पेश करने के बावजूद हार का सामना करना पड़ा। चेन बोयांग के अचानक बीमार पड़ने के बाद अंतिम समय में टीम में शामिल किए गए जी टिंग और लियू ने भारतीय जोड़ी को 21-16, 17-21, 21-9 से हराकर चीन को मुकाबले में जीत दिलाई और फाइनल में जगह पक्की की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here