एनएसटी न्यूज, भोपाल। भोपाल संभाग क्रिकेट संघ और पब्लिक वाणी ग्रुप द्वारा आयोजित ग्रीन पैराडाइस कप अखिल भारतीय क्रिकेट प्रतियोगिता में बुधवार को खेले गए रोमांचक मुकाबले में बीडीसीए प्रेसिडेंट इलेवन ने फेथ क्लब को दो विकेट से हराया। फेथ क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 44.4 ओवर में 226 रन बनाकर ऑलआउट हो गया। टीम की ओर से अनंत दुबे ने 46, राहुल चन्द्रोल ने 34, प्रंकेश राय ने 32, जबकि आकाश दीप और गौरव पिचोनिया ने 31-31 रन का योगदान दिया। बीडीसीए की ओर से गेंदबाजी में अनिमेष सिंह ने 3 विकेट झटके, वहीं प्रारब्ध मिश्रा, प्रथम सेंगर और नीरज ग्रोवर ने 2-2 विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करते हुए बीडीसीए प्रेसिडेंट इलेवन ने शानदार प्रदर्शन किया और 47.1 ओवर में 8 विकेट पर 226 रन बनाकर मैच जीत लिया। टीम के स्टार बल्लेबाज आयुष अवस्थी ने बेहतरीन नाबाद 123 रन की पारी खेलते हुए टीम को जीत दिलाई। उनके साथ तनिष्क यादव ने 38 और विकास शर्मा ने 29 रन बनाए। फेथ क्लब की ओर से गेंदबाज प्रथ्वीराज तोमर ने 3 विकेट लिए, जबकि युवराज नेमा और अलंक्रित सिंह ने 2-2 विकेट झटके। मैच में शानदार बल्लेबाजी के लिए आयुष अवस्थी को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। उन्हें यह पुरस्कार वरिष्ठ क्रिकेट कोच सुरेश खड़से, विभव मिश्रा और अतिन श्रीवास ने प्रदान किया।
आज का मैच:
रेल्वे यूथ क्लब बनाम भोपाल क्रिकेट अकादमी
समय: प्रातः 9 बजे
स्थान: ओल्ड कैंपियन ग्राउंड, भोपाल

