आयुष म्हात्रे ने सुनाया रोहित शर्मा से मुलाकात का किस्सा, बोले-आइडल से मिलना था ड्रीम डे’

0

नई दिल्ली.   भारतीय अंडर-19 टीम के वर्ल्ड कप विजेता कप्तान आयुष म्हात्रे ने अपने आइडल रोहित शर्मा से पहली मुलाकात को अपने जीवन का सबसे खास पल बताया है। चेन्नई सुपर किंग्स के यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान उन्होंने इस अनुभव को “ड्रीम डे” बताया। म्हात्रे ने बताया कि पिछले साल इंग्लैंड दौरे से पहले उन्होंने रोहित शर्मा को एक मैसेज किया था। इसके बाद खुद रोहित ने उन्हें कॉल किया और मिलने के लिए अपने घर बुलाया। वहां दोनों के बीच करीब दो घंटे तक बल्लेबाजी तकनीक और खेल के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई।

आयुष ने कहा कि रोहित ने उन्हें वीडियो कॉल का विकल्प भी दिया था, लेकिन वे आमने-सामने मिलना चाहते थे। उन्होंने बताया, “मैंने उनसे कहा कि मैं अपने आइडल से मिलने के लिए कहीं भी आ सकता हूं।” इसके बाद अगले ही दिन वे रोहित के घर पहुंचे।

उन्होंने कहा, “मुझे पता ही नहीं चला कि दो घंटे कैसे निकल गए। उनसे बात करना और सीखना मेरे लिए बहुत बड़ी बात थी।”

म्हात्रे ने यह भी बताया कि एक समय रणजी ट्रॉफी में रोहित शर्मा की टीम में वापसी के कारण उन्हें अपनी जगह गंवानी पड़ी थी, लेकिन उस समय भी उन्होंने रोहित के प्रति सम्मान जताते हुए एक भावुक पोस्ट लिखा था।

गौरतलब है कि आयुष की कप्तानी में भारतीय अंडर-19 टीम ने इस साल वर्ल्ड कप खिताब जीता। हालांकि IPL 2026 की शुरुआत उनके लिए अच्छी नहीं रही और राजस्थान के खिलाफ वे बिना खाता खोले आउट हो गए। वहीं रोहित शर्मा ने मुंबई इंडियंस के लिए शानदार शुरुआत करते हुए कोलकाता के खिलाफ 78 रन की पारी खेली।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here