इंदौर।(nst) मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन अब भूतपूर्व महिला खिलाडियों को मासिक सहायता राशि प्रदान करेगा. इसके अलावा अंपायर, स्कोरर, चयनकर्ता को दिए जाने वाले मानदेय में भी बढ़ोतरी की गई है. 31 मार्च को आयोजित एसोसिएशन की प्रबंध समिति ने इन सभी प्रस्तावों को अपनी मंज़ूरी दे दी. साथ ही चंद्रकांत पंडित को अगले दो वर्षों के लिए मध्य प्रदेश का ‘निर्देशक – क्रिकेट’ नियुक्त किया गया.
मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के मानद सचिव सुधीर आसनानी ने बताया कि प्रबंध समिति की बैठक में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई. महिला विश्व कप और न्यूजीलैंड के विरुद्ध अंतरराष्ट्रीय मैच के सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त की गई.बैठक की शुरुवात में पिछली बैठक में हुई चर्चाओं के ब्योरे (minutes) को मंज़ूरी दी गई.
अध्यक्ष महानआर्यमन सिंधिया ने फिर महिला खिलाडियों के लिए मासिक सहायता राशि देने का प्रस्ताव रखा. उन्होंने बताया कि जिन खिलाडियों की बीसीसीआई से कोई सहायता नहीं मिलती है वे इस योजना में शामिल किए जाएँगे. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट (टेस्ट और एक दिवसीय) खेल चुकी खिलाडियों को 12500 रुपये, और घरु क्रिकेट खेलने वाली खिलाडियों को उनके द्वारा खेले गए मैचों के आधार पर 6000 रुपये से 10000 रुपये की राशि दी जाएगी. 75 वर्ष की आयु के बाद इस राशि के अलावा 7500 रुपये अतिरिक्त दिए जाएँगे. इस योजना के लिए खिलाडियों को आवेदन देना होगा. इस प्रस्ताव को प्रबंध समिति ने अपनी सहमति दे दी.
बैठक में यह भी तय किया गया कि अब चयनकर्ताओं, अंपायर और स्कोरर को मिलने वाला मानदेय बढाया जाए. इसके अलावा प्रशिक्षकों के मानदेय और प्रोत्साहन राशि (incentive) में भी बढ़ोतरी की गयी है. पूर्व में जिन खिलाडियों और अंपायर को एसोसिएशन सहायता राशि दे रहा है उसे भी बढाया गया है.
बैठक में क्रिकेट विकास समिति (CDC), अंपायर समिति और स्पर्धा समिति के प्रस्तावों पर भी विस्तृत चर्चा की गई. अंपायर और स्कोरर के आंकलन की व्यवस्था पर भी चर्चा की गई. साथ ही पैनल में नए स्कोरर और अंपायर जोड़ने के लिए अगले सत्र के पूर्व परीक्षा ली जाएगी. मुरैना (चम्बल) और नर्मदापुरम स्थित एमपीसीए के मैदानों में पवेलियन ब्लाक बनाने की मंज़ूरी भी दी गई. योजना के अनुसार ये ब्लाक 2026-27 वित्तीय वर्ष में बन जाएँगे. एसोसिएशन अपने सभी मैदानों पर क्रिकेट अकादमी बनाने की योजना भी तैयार कर उसका शीघ्र कार्यान्वयन करेगा.
दो घंटे से ऊपर चली इस बैठक एसोसिएशन के कार्य में सुधार लाने और संभागो के साथ बेहतर समन्वय के लिए आधुनिक तकनीक के प्रयोग की सम्भावना पर भी चर्चा की गयी, साथ की अगले सत्र से संभागीय मैचों में ऑन-लाइन स्कोरिंग व्यवस्था लागू करने पर भी विचार किया गया.


